Breaking News

रायपुर@पीएम मोदी ने छत्तीसगढ़ को दी 7600 करोड़ की सौगात

Share


राज्य सरकार पर साधा निशाना
कहा- कांग्रेस करप्शन और कुशासन का मॉडल बन चुकी
रायपुर,07 जुलाई 2023(ए)।
छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित आम सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाषण की शुरुआत छत्तीसगढ़ी में की। पीएम मोदी ने कहा कि, छत्तीसगढ़ महतारी, माता बम्लेश्वरी, माता दंतेश्वरी, माता महामाया, बाबा भोरमदेव, बाबा गुरू घासीदास के पावन भूमि के जम्मो दाई-बहिनी, सियान मन ल मोर जय जोहार। उन्होंने कहा, मुझे पता चला कि छत्तीसगढ़ में हादसा हुआ है। दो की मौत हुई है उन्हें श्रद्धांजलि देता हूं। प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ को 7600 करोड़ की सौगात दी है। पीएम मोदी ने रायपुर में 7600 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने छत्तीसगढ़ में पांच राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें जबलपुर-जगदलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला रखी, रायपुर-विशाखापट्टनम कॉरिडोर के 6 लेन की आधारशिला रखी, आयुष्मान भारत परियोजना के तहत आयुष्मान कार्ड का वितरण और अंतागढ़ से रायपुर के लिए नई ट्रेन की शुरुआत शामिल है। नरेंद्र मोदी ने हरी झंडी दिखाकर अंतागढ़ रेलवे स्टेशन से पहली ट्रेन रवाना की। बस्तर के इस इलाके को इसके साथ ही पहली ट्रेन मिली। ये प्रदेश के दूसरे हिस्सों से अब अंतागढ़ को जोड़ेगी।अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने प्रदेश सरकार पर शराब घोटाले को लेकर जमकर हमला बोला। उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं की तारीफ की और कहा कि कांग्रेस करप्शन और कुशासन का मॉडल बन चुकी है। छत्तीसगढ़ में भी सिर्फ भ्रष्टाचार हुआ है, लेकिन हर भ्रष्टाचारी सुन ले मोदी भ्रष्टाचार पर कार्रवाई की गारंटी है। इनके फरेब की पोल खोलने के लिए इनके एक वादे की याद दिलाना चाहता हूं, वो वादा था शराबबंदी लागू करने का। कहा था कि अनुसूचित क्षेत्र में ग्राम सभाओं को शराबबंदी का अधिकार दिया जाएगा, लेकिन हजारों करोड़ रुपए का शराब घोटाला कर दिया है। पीएम मोदी ने कहा कि, कांग्रेस ने यहां की माताओं बहनों से छग से धोखा किया। आरोप है कि कमीशन के पैसे उगाहे जाते थे वो कांग्रेस पार्टी के खाते में जाते थे। इसी घोटाले के कारण यहां ढाई-ढाई साल मुख्यमंत्री वाला फार्मूला लागू नहीं हो पाया। कांग्रेस के लिए छग एटीएम है। प्रधानमंत्री ने कहा कि, बीते तीन चार वर्षों में जो चुनाव देश में हुए उसकी जिम्मेदारी यहां के नेताओं को इसीलिए दी जाती थी। यहां कोई विभाग, काम ऐसा नहीं है जिसमें घोटाला नहीं है, सेंड माफिया, लैंड माफिया, कोल माफिया न जाने कैसे-कैसे माफिया यहां फल फूल रहे हैं। करप्शन के बिना कांग्रेस सांस भी नहीं ले सकती है, करप्शन उसकी सबसे बड़ी विचारधारा है। इससे कुछ लोग नाराज हो जाते हैं, मोदी को भला बुरा कहना शुरू कर देते हैं, इनकी नाराजगी हमारी सफलता है। उन्होंने कहा कि, बीते 9 वर्षों से नक्सलवाद से बाहर निकालने का नतीजा देश देख रहा। कुछ साल पहले तक नक्सल प्रभावित जिलों की संख्या 126 थी, अब 70 के आसपास है। केंद्र ने छग में 12 लाख घर बनाने की तैयारी की, भाजपा ने घर बनाना जारी रखा था, लेकिन कांग्रेस ने बंद करा दिया। पीएम आवास योजना के लाखों घर वेटलिस्ट में है। आपके पड़ोसी राज्यों में बन रहे हैं, लेकिन छत्तीसगढ़ के गरीबों के लाखों घरों को कांग्रेस ने रोककर रखा है। मोर आवास मोर अधिकार का आंदोलन किया है, जैसे ही भाजपा की सरकार बनगी गरीब को घर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि, धान की खरीदी को लेकर जो खेल कांग्रेस सरकार खेल रही है उसे आप लोगों को जानना जरूरी है। केंद्र यहां के किसानों से ज्यादा से ज्यादा धान खरीदना चाहती है, धान का 80 फीसदी केंद्र खरीदती है। हमने एमएसपी बढ़ाई है, किसानों की संख्या भी बढ़ाई है, पिछले 9 साल में यहां के किसानों को 1 लाख करोड़ से भी ज्यादा दिए हैं। इस साल धान के पैसे किसानों को 22 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा दिए हैं।
पीएम मोदी पर सीएम बघेल ने किया पलटवार
आप आए तो फिर झूठ की बयार बहने लगी मोदी जी
मुख्यमंत्री ने धान खरीदी को लेकर पीएम पर किया पलटवार

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर एक रैली में भाषण के दौरान झूठ बोलने का आरोप लगाया है। राजधानी रायपुर में रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर भ्रष्टाचार करने और किसानों से धान खरीदने को लेकर उन्हें गुमराह करने का आरोप लगाया था। बघेल ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्वीट किया-आप आए तो फिर झूठ की बयार बहने लगी मोदी जी। प्रदेश भाजपा के नेता लगातार किसानों को गुमराह कर रहे थे कि धान खरीदी केंद्र के पैसों से होती है। आप प्रधानमंत्री हैं, आपको तो सच पता है, लेकिन आप भी झूठ बोल गए। श्री बघेल ने कहा यह किसानों के नाम पर सबसे बड़ा झूठ है कि राज्य के धान उपार्जन का 80 प्रतिशत केंद्र ले लेता है।अगर आपकी सरकार की भूमिका राज्यों के धान खरीदी में इतनी ही है तो आपके लोकसभा क्षेत्र वाराणसी में किसान 1000-1200 रुपए मि्ंटल में धान क्यों बेचने पर मजबूर हैं मोदी जी?
मुख्यमंत्री ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यह हमारे लिए बहुत खुशी की बात है कि हमारे प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ के दौरे में आये हैं
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यह हमारे लिए बहुत खुशी की बात है कि हमारे प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ के दौरे में आये हैं। प्रभु श्रीराम के ननिहाल और माता कौशल्या की भूमि में मैं उनका स्वागत करता हूँ। प्रधानमंत्री जी से हम अनेक मंचों में मिलते हैं और नीति आयोग आदि की बैठकों में मिलते हैं। हम मांगे भी करते हैं लेकिन उन्हें और दोहराना नहीं चाहता। मैं गडकरी जी के साथ भी बैठता हूँ जितना मांगते हैं उससे ज्यादा ही देते हैं। हम तो मांगते ही रहेंगे लेकिन और ज्यादा नहीं कहना चाहता हूूँ, फिर भी इतना कहना चाहता हूँ कि हमारा राज्य नवोदित राज्य है इसलिए ज्यादा से ज्यादा मदद हमको मिलती रहे।
पीएम मोदी पर छग कांग्रेस ने साधा निशाना
पीसीसी चीफ मरकाम ने कहा मोदी जी सिर्फ और सिर्फ झूठ बोलकर आम जनता को गुमराह करना जानते हैं रायपुर। पीएम मोदी के एक दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने प्रेसवार्ता कर निशाना साधा है। मरकाम ने कहा, मोदी जी को माता कौशल्या की जय बोलने से परहेज है। माता कौशल्या के ननिहाल में आकर, माता कौशल्या को भूल गए। पीएम के आने के पहले हमने 21 सवाल किए थे. पीएम के पास जवाब नहीं था या देना नही चाहते थे. उन्होंने जन हितैषी सरकार के खिलाफ झूठ बोला है। कांग्रेस की सरकार शराबबंदी के दिशा में आगे बढ़ चुकी है। अब तक 150 शराब की दुकान बंद की गई है. केवल प्रदेश में अनसूचित भूभाग अनुसूचित क्षेत्र में आते हैं।
आगे मरकाम ने कहा, भाजपा के राज्य में सरकार थी और केंद्र में सरकार थी. भारतीय जनता पार्टी के शासन काल में खेती किसानी घाटे का काम होता था. हमारी सरकार में खेती किसानी में लाभ का काम हो रहा है. भारतीय जनता पार्टी के शासन काल में 10 मि्ंटल धान खरीदी होता था. हमारी सरकार में 15 मि्ंटल धान खरीदी हो रही है. पीएम कहते हैं, गरीबी कम करेंगे. भाजपा के शासन काल में गरीबी बढ़ी है। आगे पीसीसी चीफ मरकाम ने कहा, मोदी जी सिर्फ और सिर्फ झूठ बोलकर आम जनता को गुमराह करना जानते हैं। मोदी जी प्रदेश की जनता से माफी मांगे, मोदी जी ने झूठ बोला है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@पूर्व सैनिकों का किया गया सम्मान…

Share पूर्व सैनिकों एवं सैनिक परिवारों के कल्याण संबंधी विषयों पर हुई चर्चा अम्बिकापुर,26 मई …

Leave a Reply