- राजा मुखर्जी –
कोरबा,29 जून 2023 (घटती-घटना)।कोरबा में मानसून के दस्तक देते ही मौसमी बीमारियां भी पांव पसारने लगी है ऐसे में जनसामान्य के स्वास्थ्य की बागडौर एक बार फिर स्वास्थ्य विभाग के कंधों पर आ गई है। लेकिन आकांक्षी जिला कोरबा में स्वास्थ्य विभाग के स्वीकृत 1347 पदों में से 488 (करीब 36 फीसदी) पदों की रिक्तता ने चुनौती बढ़ा दी है। विशेषज्ञ चिकित्सकों ,स्टॉफ नर्स सहित तमाम स्वास्थ्य अमलों की कमी से एक बार फिर स्वास्थ्य विभाग को 15 लाख की आबादी को सेवाएं देने जूझना पड़ेगा। आँकाक्षी जिला कोरबा में स्वास्थ्य विभाग लंबे अरसे से अमले की कमी से जूझ रहा है। शासन की अनदेखी की वजह से स्वास्थ्य विभाग में स्वीकृत पदों में से करीब 36 फीसदी पद नहीं भरे जा सके। 1347 पदों में से 488 पद अभी भी रिक्त हैं। इनमें नियमित के स्वीकृत 993 पदों में से 312 पद रिक्त हैं वहीं एनएचएम के 354 स्वीकृत पदों में से 176 पद नहीं भरे जा सके। यदि बात करें सबसे प्रमुख पद विशेषज्ञ चिकित्सकों की तो, नियमित एवं एनएचएम के कुल स्वीकृत 46 पदों में से 38 पद रिक्त हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग स्टाफ नर्स की समस्या से भी जूझ रहा है। स्टॉफ नर्स के नियमित व एनएचएम के कुल 288 पदों में से 137 पद रिक्त हैं। लैब टेक्नीशियन के 74 पदों में से 27 नहीं भरे जा सके। ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक पुरुष के 260 स्वीकृत पदों में से 111 तो ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक महिला के 300 स्वीकृत पदों में से 69 पद रिक्त हैं। पीजीएमओ के 03 ,चिकित्सा अधिकारी के 05 ,दंत चिकित्सक के 01,ग्रामीण चिकित्सा सहायक के 06, नेत्र सहायक अधिकारी के 22,फार्मासिस्ट ग्रेड -2 के 29 पद अब तक नहीं भरे जा सके। अब उम्मीद है के प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री रहे श्री टी एस बाबा के उप मुख्यमंत्री बनने से आकांक्षी जिलों के स्वास्थ्य सेवाओं को एक नई दिशा मिलेगी जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार बढ़ने के साथ साथ जिले के स्वास्थ्य विभाग में 488 रिक्त पदों पर भी जल्द से जल्द नियुक्तियां होगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur