लॉन्च पैड एक्टिव; कश्मीर में जी20 बैठक से पहले पाक का डर्टी गेम शुरू
नई दिल्ली,26 अप्रैल 2023 (ए)। कश्मीर में जी20 बैठक होने से पहले पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों पर उतर आया है। दरअसल जम्मू-कश्मीर में आतंकियों की घुसपैठ करवाने के लिए पाकिस्तान की घटिया साजिश का खुलासा हुआ है। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और पाकिस्तानी सेना ने आंतकियों की मदद के लिए नियंत्रण रेखा से सटे इलाकों में पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में पांच कंट्रोल रूम कायम किए हैं। खुफिया जानकारी के मुताबिक ये कंट्रोल रूम भिम्बर, नीलम वैली, लीपा वैली, रावलकोट और मुजफ्फराबाद में बनाए गए हैं। इन कंट्रोल रूम से इसकी निगरानी रखी जाएगी कि कैसे आतंकियों को भारतीय सीमा में घुसपैठ करवाना है। इसका मकसद भारत की सेना के जवानों की मूवमेंट के बारे में आतंकियों को जानकारी भी देना है।
खुफिया सूत्रों से जानकारी मिली है कि पाकिस्तान ने अपने सभी लांच पैड को एक्टिव कर दिया है। खुफिया जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान ने अपने सभी आतंकी लॉन्च पैड्स को नियंत्रण रेखा के करीब कर दिया है। इसके लिए ठिकाने इस तरह चुने गए हैं कि हर लॉन्च पैड भारतीय सीमा से महज कुछ किलोमीटर की दूरी पर है। पाकिस्तान ने कश्मीर में घुसपैठ बढ़ाने के लिए ऐसा किया है। खुफिया सूत्रों के मुताबिक नक्शे के हिसाब से उनके पास भारत में घुसपैठ करने के कई रास्ते हैं। ये रास्ते भारतीय सेना की किसी भी गोलीबारी से बचने और उनको उलझाए रखने के लिए हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur