महिला बोली-मेरी फोटो और वीडियो का हुआ मिसयूज
रांची,25 अप्रैल 2023 (ए)। झारखंड के हेल्थ मिनिस्टर बन्ना गुप्ता और एक महिला के बीच आपत्तिजनक वीडियो चैटिंग के अंश वायरल होने के बाद सियासी उबाल और आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है। इस बीच जमशेदपुर की एक महिला ने आरोप लगाया है कि जो वीडियो चैटिंग सोशल मीडिया में वायरल किया गया है, उसमें उसकी फोटो और वीडियो को एडिट कर फर्जी तरीके से इस्तेमाल किया गया है। रांची में एनएसयूआई की एक महिला लीडर ने भी प्रेस कांफ्रेंस कर आरोप लगाया है कि मंत्री के कथित वीडियो के साथ उसका नाम जोड़कर कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट किया है। उन्होंने इसे लेकर रांची के हटिया डीएसपी के पास लिखित शिकायत भी की है।
महिला ने एक वीडियो मेसेज जारी कर कहा है कि वह न तो हेल्थ मिनिस्टर बन्ना गुप्ता से कभी मिली है और न ही उन्हें जानती है। किसी ने साजिश पूर्वक उसके चेहरे का इस्तेमाल किया है।
महिला ने कहा है कि उसने अपने पति के साथ वीडियो-ऑडियो चैट किया था, जिसे एडिट कर किसी ने मंत्री के साथ जोड़ दिया है। वीडियो में महिला हाथ जोड़ कर प्रशासन और लोगों से गुजारिश कर रही है कि जिसने भी इस तरह का गलत काम किया है, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। उसने सोशल मीडिया से उसकी छवि खराब करने वाले वीडियो को डिलीट करने की भी गुहार लगाई है।
महिला के मुताबिक वह नौकरी करती है और उसके तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। वीडियो और ऑडियो का फर्जी तरीके से इस्तेमाल किया गया है। उसके परिवार का बुरा हाल है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur