मुख्यमंत्री केसीआर से केंद्र की योजना को नहीं रोकने का किया आग्रह
हैदराबाद,08अप्रैल 2023 (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी शनिवार को तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने सिकंदराबाद-तिरुपति वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। इसके अलावा तेलंगाना में 11300 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
हैदराबाद में रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पूर्ण समर्पण के साथ लोगों की सेवा करना हमारा पहला लक्ष्य है। लेकिन मैं तब निराश हो जाता हूं, जब केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजना को राज्य सरकार की ओर से बाधा उत्पन्न की जाती है। बाधाओं के चलते राज्य में विकास सही से नहीं हो पा रहा है। यही चीज तेलंगाना में भी हो रही है।
पीएम मोदी ने कहा कि मैं तेलंगाना सरकार से ऐसा नहीं करने का आग्रह करता हूं। साथ ही राज्य के विकास के लिए योजनाओं में बाधा न लगाने का भी निवेदन करता हूं। जिससे राज्य विकास के मामले में पिछड़ा न रह सके। राज्य को समृद्धि से वंचित न किया जा सके।
पीएम मोदी ने अपने भाषण में कहा कि केंद्र की परियोजनाओं में राज्य सरकार के असहयोग से हमें पीड़ा होती है। इससे तेलंगाना के लोगों के सपनों पर असर पड़ता है।
मैं राज्य सरकार से अपील करता हूं कि तेलंगाना के लोगों के लिए जो भी योजना बनाई जा रही है, उसमें किसी तरह की बाधा नहीं आने दी जाए। एनडीए सरकार तेलंगाना में नागरिकों के सपनों को पूरा करना अपना कर्तव्य समझती है।
वहीं, तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव (केसीआर) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। केसीआर ने अपनी अनुपस्थिति में पशुपालन मंत्री तलसानी श्रीनिवास यादव को बेगमपेट हवाई अड्डे पर पीएम मोदी की अगवानी करने का निर्देश दिया। केसीआर को प्रोटोकॉल के तहत न्योता भेजा गया था। लेकिन उन्होंने आने से इनकार कर दिया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur