तमिलनाडु केस में ईओयू करेगी पूछताछ
पटना ,18 मार्च 2023 (ए)। विवादास्पद यूट्यूबर मनीष कश्यप ने शनिवार सुबह बिहार पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। बेतिया पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा ने यह जानकारी दी। बता दें कि मनीष कश्यप को तमिलनाडु में बिहारियों के खिलाफ कथित हिंसा और मारपीट मामले में भ्रामक वीडियो प्रसारित करने का आरोपी बनाया गया था।
घर पर कुर्की जब्ती की कार्रवाई शुरू होने के बाद मनीष कश्यप ने जगदीशपुर थाने में सरेंडर कर दिया। खबरों के मुताबिक मनीष को आर्थिक अपराध इकाई को सौंपा जा रहा है। ईओयू उनसे पूछताछ करेगी। कोर्ट से आदेश मिलने के बाद कई थानों की पुलिस मनीष कश्यप के घर पर कुर्की जब्ती के लिए पहुंची। उनके घर पर बुलडोजर भी चलाए गए और घर के सामान जब्त किए गए। मनीष कश्यप का घर बेतिया के मझौलिया थाना अंतर्गत महना डुमरी गांव में है।मनीष कश्यप पर तमिलनाडु केस के अलावे बेतिया में 7 अपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें से 5 मामलों में चार्जशीट दायर है। मनीष ने पटना हाई कोर्ट में जमानत याचिका दाखिल की थी। याचिका रद्द कर दिए जाने के बाद वह फरार चल रहे थे। कई मामलों में पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। पुलिस की दबिश बढ़ाए जाने के बाद उन्होंने सरेंडर कर दिया है।
सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय यूट्यूबर मनीष कश्यप के मझौलिया थाने के डुमरी महना स्थित घर की कुर्की पुलिस ने शनिवार को शुरू की। पांच बजे से ही बड़ी संख्या में पुलिस बल, मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस अधिकारी उसके घर पर पहुंचने लगे। तय समय पर कुर्की की कार्रवाई शुरू कर दी गई। इधर, पुलिस दबिश पर मनीष ने जगदीपुर थाने में सरेंडर कर दिया। एसडीपीओ मुकुल परिमल पांडे ने बताया कि मनीष कश्यप फरार चल रहा था। उसके घर की कुर्की की गई। उसके बाद करीब नौ बजे उसने जगदीशपुर थाने में सरेंडर कर दिया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur