छपरा,16 जनवरी 2023 (ए)। गंगा विलास क्रूज बिहार के छपरा में नहीं फंसा था। इस बात की पुष्टि क्रूज संचालक दल और जिला प्रशासन ने भी की है। गंगा नदी में वाराणसी से डिबू्रगढ़ के लिए रवाना हुआ गंगा विलास क्रूज सोमवार 16 जनवरी की दोपहर बिहार के छपरा पहुंचा था। इंटरनेट मीडिया पर यहां इसके फंसे होने की बात कही जा रही थी, जिसे क्रूज संचालक दल और जिला प्रशासन ने पूरी तरह से नकार दिया है। उनका कहना है कि क्रूज कहीं भी नहीं फंसा था।
जानकारी के अनुसार, इंटरनेट मीडिया पर फैलाई जा रही जानकारी में कहा जा रहा है कि गंगा विलास क्रूज छपरा में फंस गया था। क्रूज-ऑपरेटर्स को उसे वहां से निकालने की काफी मशक्कत करनी पड़ी। क्रूज के फंसने का पता चलते ही एसडीआरएफ की टीमें बुलवाई गईं। इसके बाद पीपा पुल को खोलने पर क्रूज आगे बढ़ा। परंतु, क्रूज संचालक दल और जिला प्रशासन ने इस बात से इन्कार किया है।
गंगा विलास क्रूज फंसा था या नहीं ?
गंगा विलास क्रूज के संचालक दल में शामिल मुख्य जलीय सर्वेक्षक आरसी पांडेय ने बताया कि क्रूज के फंसने की बात सच नहीं है। दरअसल, नदी में पानी कम होने और किनारे पर गाद होने की वजह से इसे किनारे पर ले जाना ठीक नहीं था। उसे पहले ही किनारे से दूर रोक लिया गया। बस, इसी वजह से इसे किनारे पर नहीं ले जाया गया। बल्कि पर्यटकों को छोटी नावों के माध्यम से सुरक्षित तरीके से चिरांद तट पर पहुंचाया गया।
उन्होंने कहा कि चिरांद में डोरीगंज घाट जिला प्रशासन की ओर से पहले से ही पर्यटकों के स्वागत के लिए तैयारियां की गई थीं। एसडीआरएफ की टीम भी एहतियाती तौर पर किनारे पर तैनात थी, ताकि किसी भी समय किसी अप्रिय घटना से बचा सके। उन्होंने कहा कि किनारे पर प्रशासन की ओर से पर्यटकों का फूल मालाओं से स्वागत किया गया। यहां उन्हें पुरातत्व स्थल का भ्रमण करवाया गया।
जिला प्रशासन ने क्या कहा ?
सारण जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से कहा गया है कि गंगा-ब्रम्हपुत्र नदी में वाराणसी डिब्रूगढ़ वाया बंगलादेश के बीच गंगा विलास इपिक क्रूज अपनी यात्रा के छठे चरण में बिहार में गंगा नदी के किनारे के जिले बक्सर, सारण, पटना, बेगुसराय, मुंगेर एवं भागलपुर में रुकेगा। आगे कहा गया है कि इसी क्रम में 16 जनवरी को क्रूज सुबह सारण जिले में पहुंचा।
जिला प्रशासन सारण के द्वारा क्रूज से यात्रा करने वाले यात्रियों का स्वागत डोरीगंज घाट पर किया गया। क्रूज के डोरीगंज घाट पर आगमन के बाद क्रूज पर सवार पर्यटकों को चिरांद पुरातत्व स्थल का भ्रमण करवाया गया। क्रूज पर सवार सैलानियों ने जिला प्रशासन के आतिथ्य पर अति प्रसन्नता व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। इसके बाद क्रूज अपने अगले गंतव्य स्थल पटना के लिए प्रस्थान कर गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur