अंबिकापुर, 09 जनवरी 2023 (घटती-घटना)। युवा प्रेरणा के आधार स्तम्भ स्वामी विवेकानंद की जयंती 12 जनवरी को युवा दिवस पर सेवा दिल से एक अभियान राराविउनिलिमि तथा ग्राम उद्यमी के संयुक्त तत्वावधान में सरगुजा अंचल की युवा प्रतिभाओं का सम्मान कार्यक्रम सरगुजा के होनहार कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए कार्यक्रम के संयोजक संतोष दास ने बताया कि स्वामी विवेकानंद युवाओं के न केवल प्रेरणा पुंज हैं बल्कि युवा चेतना, युवा ऊर्जा व युवा बुद्धि के प्रतीक भी हैं। उनका जन्मदिन युवा प्रतिभाओं के सम्मान दिवस के रूप में मनाया जाना चाहिए।
हमारी संस्था सेवा दिल से एक अभियान ने 12 जनवरी को सरगुजा के होनहार कार्यक्रम का आयोजन शासकीय पी.जी. कॉलेज अंबिकापुर के ऑडिटोरियम में दोपहर 2 बजे से आयोजित किया है, जिसमें सरगुजा अंचल से प्रशासनिक सेवा, सैन्य सेवा, सामाजिक सेवा, शिक्षा, खेल, कला, साहित्य सहित विविध क्षेत्रों में नाम रौशन करने वाले युवा प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में विभिन्न स्कूल, कॉलेज व संस्थाओं के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति भी दी जाएगी साथ ही सरगुजा अंचल के लोकप्रिय गायक संजय सुरीला, बॉलीवुड सिंगर स्वप्निल जायसवाल, संगीतकार सौरभ-वैभव, सिंगर व फि़ल्मकार गोपाल पाण्डेय, गायिका स्तुति जायसवाल, प्रियांशु मिश्रा, शताक्षी वर्मा, हिमांगी त्रिपाठी, दीपांजलि सोनी, तथा राहुल मण्डल सहित बाबा बघेल व फैशन डांस स्टूडियो की विशेष प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र होगी। कार्यक्रम में केंद्रीय जनजातीय कल्याण राज्य मंत्री, भारत सरकार श्रीमती रेणुका सिंह, स्वास्थ मंत्री टी एस सिंह देव, खाद्य मंत्री अमरजीत भगत, सहित जनप्रतिनिधिगण आमंत्रित अतिथि होंगे। आयोजन समिति ने आम जनता से कार्यक्रम में सहभागी बनने की अपील की है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur