कोलकाता ,03 दिसंबर 2022 (ए)। पश्चिम बंगाल में बीएसएफ के दक्षिण बंगाल फ्रंटियर के 145 बटालियन के जवानों ने गुप्त जानकारी के आधार पर भारत-बांग्लादेश के पेट्रापोल सीमा पर 66 सोने की बिस्कुट के साथ एक व्यक्ति को पकड़ा है. उसका एक साथी फरार बताया गया है. ट्रक से जब्त सोने की बिस्कुट का वजन आठ किलो 311.61 ग्राम है. इसकी कीमत 4 करोड़ 54 लाख 97 हजार 753 रुपये बताये गये हैं. तस्करी का यह सोना बांग्लादेश से भारतीय सीमा में लौटे ट्रक में छिपाकर लाया गया था.
बीएसएफ सूत्र बताते हैं कि उन्हें खबर मिली थी कि बांग्लादेश से तस्करी का सोना भारतीय सीमा में लाया गया है. इस जानकारी के बाद बांग्लादेश से पिछले एक से दो दिनों में पोट्रापोल में आयी हुई सभी ट्रकों की तलाशी अभियान शुरू किया गया. इसी तलाशी अभियान के दौरान एक ट्रक से कुल 66 सोने की बिस्कुट जब्त की गयी. इसके बाद बीएसएफ के जवानों ने ट्रक के चालक को पकड़कर सोने की बिस्कुट के साथ स्थानीय कस्टम विभाग के अधिकारियों के हवाले कर दिया गया. इसे भारतीय सीमा में किसके हवाले करना था, इस बारे में पकड़े गये आरोपी से पूछताछ की जा रही है. बीएसएफ की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है. ऐसे में अब तक बीएसएफ ने कई लोगों को गिरफ्तार भी किया है.
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur