अंबिकापुर, 22 नवम्बर 2022 (घटती-घटना)। अम्बिकापुर के खलीबा में स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में मंगलवार को वार्षिक खेल उत्सव का शुभारंभ किया गया। जिसमें आगामी 5 दिनों तक विद्यालयीन छात्र-छात्राएं अलग-अलग खेल गतिविधियों में शामिल होंगे। इस शुभारंभ के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कारगिल योद्घा और कीर्ति चक्र से सम्मानित भरोसा कुजूर रहे। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. एसके सिन्हा ने शाल, श्रीफल एवं पुष्पगच्छ द्वारा अतिथि कारगिल योद्धा भरोसा कुजूर को सम्मानित किया एवं अन्य अतिथि गण पूर्व नवोदयन डॉ. दिव्या रानी, न्यूट्रिशियन अंजू, रामचंद्र भगत (एसएडीओ एग्रीकल्चर, राजपुर), रवि सिंह का हार्दिक अभिनंदन किया गया। नवोदय की छात्राओं द्वारा मुख्य अतिथियों के आगमन पर मधुर स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। प्राचार्य ने स्वागत भाषण के अंतर्गत कहा कि खेल हमारे सर्वांगीण विकास के लिए परम आवश्यक है। खेल बच्चों में मानवीय गुणों तथा जीवन में अच्छी आदतों को विकसित करता हैं। अत: प्रत्येक बच्चे को खेल का भी आवश्यक समय विद्यालय में दिया जाता है ताकि वे जीवन जीने की कला भी सिख सके। इसके पश्चात सभी सभी सदन कप्तानों के नेतृत्व में बच्चों द्वारा मार्च पास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी गई। तत्पश्चात छात्राओं द्वारा एरोबिक नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भरोसा कुजूर (अध्यक्ष भूतपूर्व सैनिक कल्याण बोर्ड, सरगुजा संभाग) ने मशाल जलाकर खेल उत्सव का उद्घाटन किया। बॉलीबॉल मैच का आयोजन अरावली एवं शिवालीक सदन के छात्र टीमों के मध्य खेला गया जिसमें अरावली सदन विजेता रहा। 100 मीटर दौड़ प्रतिस्पर्धा सदन वार प्रारंभ की गई। अपने वक्तव्य में कुजूर ने बच्चों को खेलों के प्रति उत्साहित करते हुए अपने जीवन के सारे अनुभवो को साझा करते हुए बताया कि एक गरीब परिवार का बच्चा अपने जोश एवं जुनून से कारगिल युद्ध तक का सफर तय कर आपके सामने उपस्थित है। उन्होंने कहा कि अनुशासन समय की पाबंदी एवं निरंतर परिश्रम द्वारा कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक सुरेंद्र पाल द्वारा किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समन्वय विद्यालय के शिक्षक गण, कर्मचारी गण एवं छात्र-छात्राओं द्वारा किया गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur