लखनपुर ,21 अक्टूबर 2022 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री टी एस सिंह देव के निर्देशन पर सरगुजा जिले के लखनपुर में 21 अक्टूबर दिन शुक्रवार को भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत की गई। विधायक प्रतिनिधि विक्रमादित्य सिंहदेव, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष कृपाशंकर गुप्ता, नगर पंचायत नेता प्रतिपक्ष रमेश जायसवाल युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह देव के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा लखनपुर देव तालाब से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गो से होते हुए सामुदायिक भवन में पहुंचकर सभा में तब्दील हो गई। कांग्रेस के इस भारत जोड़ो यात्रा में लखनपुर नगर पंचायत के 15 वार्डो में लोगों का जनसमर्थन मिला। इस भारत जोड़ो यात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेसी शामिल हुए। लखनपुर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के द्वारा जनसभा को संबोधित किया गया तथा प्रत्येक कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर जिम्मेदारी सौंपी गई है। नगर पंचायत नेता प्रतिपक्ष रमेश जायसवाल ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर कांग्रेस पार्टी के हर एक कार्यकर्ताओं में उत्साह है। कांग्रेस नेताओं ने देश की एकता अखंडता तथा बापू के बताए सत्य अहिंसा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया है।साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा एवं उनकी सरकार की नीतियां भारत को तोड़ने का काम कर रही है। भारत में आर्थिक असमानता, सामाजिक ध्रुवीकरण बढ़ रहा है। इसलिए कांग्रेस यह यात्रा कर रही है। इस यात्रा में मुख्य रूप से वरिष्ठ कांग्रेसी नेता नरेंद्र पांडे, शैलेंद्र गुप्ता, एल्डरमैन शराफत अली, इरशाद खान, महिला कांग्रेस से संजीदा खानम, सहित सैकड़ों की संख्या में महिला पुरुष कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur