Breaking News

अम्बिकापुर@रक्तदान कर चर्च ऑफ गॉड ने दिया मानवता और जीवन बचाने का संदेश

Share

  • अंबिकापुर में 2015वां विश्व रक्तदान अभियान आयोजित,
  • 117 लोगों ने किया 27,200 मिलीलीटर रक्तदान
  • महापौर मंजूषा भगत सहित जनप्रतिनिधियों ने की सराहना…

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,22 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। जरूरतमंदों को रक्त उपलब्ध कराने और मानवता की सेवा का संदेश लेकर चर्च ऑफ गॉड वर्ल्ड मिशन सोसाइटी ने रविवार को अंबिकापुर में विश्व रक्तदान अभियान आयोजित किया। आर. एस. डी. के.एस.शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में आयोजित इस अभियान में 117 लोगों ने 27 हजार 200 मिलीलीटर रक्तदान किया। आयोजन में चर्च के सदस्यों के साथ स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। चर्च ऑफ गॉड वर्ल्ड मिशन सोसाइटी के तत्वावधान में आयोजित इस अभियान का नाम ‘फसह के प्रेम के द्वारा जीवन देने के लिए 2015वीं विश्व रक्तदान ड्राइव’ रखा गया था। संस्था के प्रतिनिधि किरण चौहान (केविन) ने कहा कि मसीह के प्रेम और बलिदान की भावना से प्रेरित होकर जरूरतमंद लोगों की सहायता के उद्देश्य से रक्तदान अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रक्तदान के माध्यम से पड़ोसियों के प्रति प्रेम को व्यवहार में उतारने का प्रयास किया जा रहा है।
240 लोग पहुंचे,117 ने किया रक्तदान : अभियान में करीब 240 लोग शामिल हुए। इनमें से स्वास्थ्य परीक्षण के बाद 117 लोगों ने रक्तदान किया। चिकित्सा महाविद्यालय की टीम ने रक्त परीक्षण,रक्तचाप जांच और अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कराईं। अस्पताल प्रबंधन की ओर से चिकित्सा कर्मियों के साथ रक्तदान संबंधी आवश्यक सामग्री एवं नाश्ते की व्यवस्था भी की गई।
महापौर और निगम सभापति ने की सराहना : कार्यक्रम में महापौर मंजूषा भगत ने संस्था के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि चर्च ऑफ गॉड समाजसेवा के कार्यों में लगातार सक्रिय रहती है। उन्होंने रक्तदान को जरूरतमंदों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए अभियान के लिए शुभकामनाएं दीं। नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह ने भी इसे पुण्य और जीवन बचाने वाला सराहनीय कार्य बताया। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. राकेश निगम,मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. आर.सी.आर्य,असिस्टेंट मेडिकल सुपरि ंटेंडेंट डॉ. जी.के. दामले एवं सिविल सर्जन डॉ. जे.के. रेलवानी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
रक्तदान को बताया पड़ोसियों की सेवा का माध्यम : रक्तदान करने वाले सत्यदीप टोप्पो (41) ने कहा कि एक यूनिट रक्त से तीन लोगों की जिंदगी बचाने की संभावना उन्हें इस कार्य के लिए प्रेरित करती है। रेशमा खेस (38) ने कहा कि अपनी मां के त्याग और प्रेम को याद करते हुए रक्तदान के जरिए दूसरों की मदद करने की खुशी मिली। वहीं प्रबोध कुजुर (45) और पवन तिग्गा (35) ने भी रक्तदान को मानव सेवा और माता के प्रेम की भावना से जुड़ा कार्य बताया।
68 देशों तक पहुंचा अभियान : संस्था के अनुसार, वर्ष 2005 में दक्षिण कोरिया से शुरू हुआ यह रक्तदान अभियान अब अमेरिका,जर्मनी,ब्राजील, ऑस्ट्रेलिया और जिम्बाब्वे सहित 68 देशों तक पहुंच चुका है। सितंबर तक इस अभियान के तहत 1,890 रक्तदान कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें करीब 3.43 लाख लोगों ने भाग लिया और लगभग 1.46 लाख लोगों ने रक्तदान किया। संस्था का दावा है कि इन प्रयासों से करीब 4.40 लाख लोगों का जीवन बचाने में मदद मिली है। चर्च ऑफ गॉड वर्ल्ड मिशन सोसाइटी रक्तदान के अलावा स्वच्छता अभियान,स्वास्थ्य,शिक्षा और जनकल्याण से जुड़े कार्यों में भी सक्रिय है। संस्था के अनुसार,वह दुनिया के 175 देशों में सामाजिक गतिविधियां संचालित कर रही है।


Share

Check Also

जशपुरनगर@सफलता की कहानी : विश्व मात्सि्यकी दिवस पर अंबिकापुर में संभाग स्तरीय कार्यक्रम में जिले के 70 मत्स्य पालक किसानों ने लिया हिस्सा

Share मछली पालन,झींगा पालन एवं तिलापिया पालन की आधुनिक तकनीकों और शासकीय योजनाओं की दी …

Leave a Reply