Breaking News

नई दिल्ली@ गुजरात में दो सड़क हादसों में 10 मौतें

Share


7 मृतक सेना के जवानों के परिवारों से थे,स्विफ्ट में आग से 3 जिंदा जले,इन्फ्लुएंसर बची
नई दिल्ली,22 नवम्बर 2026 ।
गुजरात में शनिवार रात और रविवार सुबह दो सड़क हादसों में 10 लोगों की मौत हो गई। पहला हादसा कच्छ में हुआ, जहां ट्रक और कार की टक्कर में 7 लोगों की जान चली गई। हादसा इतना भयानक था कि कार दो हिस्सों में बंट गई। दूसरा हादसा केशोद-बालागाम रोड पर हुआ। जूनागढ़ से माधवपुर जा रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई और उसमें आग लग गई। कार में सवार चार में से तीन लोगों की जलकर मौत हो गई। इन्फ्लुएंसर कृष्णा चूड़ासमा शीशा टूटने के बाद बाहर गिरीं, जिससे जान बच गई।
कच्छ : मरने वाले लोग सेना के जवानों के परिजन थे…
कच्छ में हादसा शनिवार रात करीब 10 बजे हुआ। ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर हुई। कार में सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं। इनमें एक बच्चा सिर्फ तीन महीने का था। सभी मृतक उत्तराखंड के गढ़वाल के रहने वाले थे और भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवारों से थे। वे रण ऑफ कच्छ घूमकर भुज लौट रहे थे, तभी नेशनल हाईवे पर हादसा हो गया।
कार के मलबे में फंसे शव,निकालने में लगे कई घंटे
टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसमें फंसे शवों को बाहर निकालने में बचाव दल को कई घंटे लगे। मृतकों की पहचान सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता (30) और उनकी तीन महीने की बेटी शिविका के रूप में हुई है। इनके अलावा राजेश सिंह रावत (35), उनकी सात साल की बेटी रक्षित, रिंकी गोसाईं (30) और उनकी चार साल की बेटी वामिका की भी मौत हुई है।
जूनागढ़ : केशोद में स्विफ्ट कार पलटी,आग लगने से 3 की मौत
वहीं, रविवार सुबह करीब 5 बजे केशोद-बालागाम रोड पर घामिडाना गांव के पास लाल रंग की स्विफ्ट कार हादसे का शिकार हो गई। कार तेज रफ्तार के कारण मोड़ पर सड़क किनारे पत्थर से टकराकर पलट गई और उसमें आग लग गई। कार में दो महिलाओं और दो पुरुषों समेत चार लोग सवार थे। इनमें से दो पुरुषों और एक महिला की जलने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान नंदनी पोपट, डेनिस दिवराणिया और झलक मशरू के रूप में हुई है। तीनों की उम्र करीब 25 से 27 साल थी।
कार की आगे वाली सीट पर बैठी थीं इन्फ्लुएंसर
हादसे में इन्फ्लुएंसर कृष्णा चूड़ासमा बच गईं। बताया गया कि वह कार की आगे वाली सीट पर बैठी थीं। टक्कर के दौरान कार का शीशा टूटने से वह बाहर उछलकर पास के खेत में जा गिरीं। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से केशोद के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, इमरजेंसी 112 और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आग बुझाई, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।
पीएम ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख मदद का ऐलान किया


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के कच्छ में हुए सड़क हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया है। मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए दिए जाएंगे। वहीं, घायलों को 50 हजार रुपए की आर्थिक मदद मिलेगी।


Share

Check Also

सिलीगुड़ी@दार्जिलिंग पहुंचे केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल

Share कहा…फिर विश्व में धाक जमाएगी दार्जिलिंग चायसिलीगुड़ी,22 नवम्बर 2026 । पश्चिम बंगाल में भाजपा …

Leave a Reply