Breaking News

कुसमी@कुसमी में ट्रॉली से टकराई बाइक,17 वर्षीय किशोर की मौत…साथी गंभीर

Share


मुख्य मार्ग पर शिवम् मेडिकल स्टोर के पास हुआ हादसा,सड़क के गड्ढों और निर्माण गुणवत्ता को लेकर भी उठे सवाल

-संवाददाता-
कुसमी (बलरामपुर),22 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। नगर के मुख्य मार्ग पर रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई,जबकि उसका 18 वर्षीय साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा शिवम् मेडिकल स्टोर के समीप उस समय हुआ,जब बाइक सवार जीप के पीछे टोचन कर ले जाई जा रही पुरानी ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान ग्राम रातासिली निवासी आशु टोप्पो (17),पिता स्व. सुखचरण के रूप में हुई है। वहीं घायल इमरान लकड़ा (18),पिता जुलयानूस लकड़ा,को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।
टोचन ट्रॉली से हुई टक्कर : प्रारंभिक जानकारी के अनुसार,अंबिकापुर की बताई जा रही एक जीप के पीछे पुरानी ट्रैक्टर ट्रॉली टोचन कर ले जाई जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार युवकों की बाइक ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आशु की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि इमरान गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
सड़क के गड्ढों ने खड़े किए सवाल : हादसे के बाद कुसमी मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति और सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक,लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित इस सड़क पर कई जगह गड्ढे हो गए हैं,जबकि मार्ग अभी ठेकेदार की डिफेक्ट लायबिलिटी अवधि में बताया जा रहा है। लोगों के बीच आशंका जताई जा रही है कि सड़क के गड्ढों से बचने के प्रयास में बाइक सवारों ने दिशा बदली हो और हादसा हुआ हो। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। यदि सड़क की खराब स्थिति दुर्घटना की वजह रही है,तो यह निर्माण गुणवत्ता और विभागीय निगरानी पर गंभीर सवाल है। गारंटी अवधि के बावजूद गड्ढों की मरम्मत नहीं होने और नियमित निरीक्षण की स्थिति की जांच जरूरी है।
पुलिस जांच में जुटी : सूचना मिलते ही कुसमी पुलिस मौके पर पहुंची और डायल 112 की मदद से दोनों युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने आशु टप्पो को मृत घोषित कर दिया,जबकि इमरान की गंभीर हालत को देखते हुए उसे अंबिकापुर रेफर किया गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
इस घटना से रातासिली गांव और मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। एक परिवार ने कम उम्र में अपना बेटा खो दिया,वहीं घायल युवक के परिजन उसके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क के गड्ढों की जांच और तत्काल मरम्मत की मांग उठाई है।


Share

Check Also

जशपुरनगर@सफलता की कहानी : विश्व मात्सि्यकी दिवस पर अंबिकापुर में संभाग स्तरीय कार्यक्रम में जिले के 70 मत्स्य पालक किसानों ने लिया हिस्सा

Share मछली पालन,झींगा पालन एवं तिलापिया पालन की आधुनिक तकनीकों और शासकीय योजनाओं की दी …

Leave a Reply