Breaking News

कोटा@ खाटूश्याम से लौट रहे महाराष्ट्र के एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत

Share


कोटा,22 नवम्बर 2026 । कोटा-उदयपुर नेशनल हाइवे पर शंभूपुरा गांव के पास सड़क हादसे में महाराष्ट्र के एक ही परिवार के नौ सदस्यों की जान चली गई। हादसे में कई लोग घायल हो गए। घटना नांता थाना क्षेत्र में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल पहुंचे। सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम ने बचाव कार्य की निगरानी की। पुलिस के अनुसार, कू्रजर में महाराष्ट्र के धुले जिले के एक ही परिवार के 16 सदस्य यात्रा कर रहे थे। परिवार धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए मंगलवार को महाराष्ट्र से रवाना हुआ। श्रद्धालुओं ने पहले मध्य प्रदेश के ओंकारेश्वर और फिर राजस्थान के पुष्कर व खाटूश्यामजी में दर्शन किए।
सभी लोग वापस अपने घर लौट रहे थे। हादसे में कू्रजर सवार आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल माधवी को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. आशुतोष शर्मा के अनुसार, घायलों को अस्पताल लाया गया है। गंभीर रूप से घायल मनीषा को वेंटिलेटर पर रखा गया है। मृतकों की पहचान उषा बाई, सुशीला (55), कैलाश (45), सांवी, सज्जन, अनीता, बाबूलाल (60), जाह्नवी (13) और माधवी के रूप में हुई है। एक ही परिवार के नौ सदस्यों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। घायलों में जगदीश (10), मयूरी पवार (20), मनीषा पवार (45), शरद पवार (46), गणेश पवार (30), सृजेत (3) और ट्रक चालक हारून (43) शामिल हैं। इनका न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में उपचार चल रहा है।
दुर्घटनाग्रस्त कू्रजर के पीछे दूसरे वाहन में सफर कर रहे प्रदीप ने बताया कि परिवार के सभी 36 सदस्य तीन गाडि़यों में धार्मिक यात्रा पर निकले थे। खाटूश्यामजी से दर्शन करने के बाद शनिवार रात महाराष्ट्र के लिए रवाना हुए। प्रदीप के मुताबिक, रास्ते में सभी गाडि़यां एक-दूसरे के आसपास चल रही थीं। अचानक आगे चल रही कू्रजर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। गाड़ी में सवार लोगों की संख्या को लेकर अधिकारियों के आंकड़े अलग हैं।
एसपी के मुताबिक कू्रजर में एक ही परिवार के 15 लोग सवार थे और ट्रक चालक समेत सात लोग घायल हुए। वहीं अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेश जोशी के मुताबिक गाड़ी में 16 लोग सवार थे। घायलों की संख्या भी अलग-अलग रिपोर्टों में छह से आठ तक बताई गई है। जोशी ने कहा कि फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है और मृतकों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
खाटूश्यामजी के रास्ते पर पहले भी हादसे
खाटूश्यामजी आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ पहले भी ऐसे हादसे हो चुके हैं। अक्टूबर में रींगस के पास हाईवे-52 पर पुणे से आ रहे श्रद्धालुओं की बस ट्रक से टकरा गई थी, जिसमें 18 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। उसी महीने खाटूश्यामजी से लौट रहे छह दोस्तों की कार खाई में गिर गई थी और आगरा के चार युवकों की मौत हो गई थी। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू की है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
राष्ट्रपति ने राजस्थान में सड़क हादसे पर दुख जताया


राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राजस्थान के कोटा-उदयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शंभूपुरा गांव के पास शनिवार और रविवार की दरमियानी रात एक बजे सड़क हादसे पर गहरा दुख जताया। राष्ट्रपति ने एक्स पर लिखा, कोटा में हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं मृतकों के परिवारजनों के प्रति गहन शोक संवेदना व्यक्त करती हूं तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं। उल्लेखनीय है कि इस हादसे में महाराष्ट्र के एक ही परिवार के नौ सदस्यों की जान चली गई। हादसे में कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि क्रूजर में महाराष्ट्र के धुले जिले के एक ही परिवार के 16 सदस्य यात्रा कर रहे थे। परिवार धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए मंगलवार को महाराष्ट्र से रवाना हुआ।
श्रद्धालुओं ने पहले मध्य प्रदेश के ओंकारेश्वर और फिर राजस्थान के पुष्कर तथा खाटूश्यामजी में दर्शन किए।


Share

Check Also

सिलीगुड़ी@दार्जिलिंग पहुंचे केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल

Share कहा…फिर विश्व में धाक जमाएगी दार्जिलिंग चायसिलीगुड़ी,22 नवम्बर 2026 । पश्चिम बंगाल में भाजपा …

Leave a Reply