ताड़पाला हिल्स से आईईडी व भारी विस्फोटक बरामद
बीजापुर,14 फरवरी 2026। नक्सल विरोधी अभियान के तहत बीजापुर में सुरक्षाबलों ने लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। थाना मोदकपाल और थाना उसूर क्षेत्र में संयुक्त ऑपरेशन चलाते हुए जवानों ने 6 माओवादी स्मारकों को ध्वस्त कर दिया, वहीं ताड़पाला हिल्स से बड़ी मात्रा में आईईडी और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। शनिवार को मोदकपाल पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में सघन सर्चिंग के दौरान माओवादियों द्वारा बनाए गए प्रतीकात्मक स्मारकों को तोड़कर उनका अस्तित्व खत्म कर दिया। इससे पहले शुक्रवार को थाना उसूर क्षेत्र के ताड़पाला हिल्स इलाके में केरिपु 196 वाहिनी और कोबरा 204 की टीम ने छापेमारी कर डंप में छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री, राशन और अन्य माओवादी सामान जब्त किया।
डंप से बरामद सामग्री
13 डेटोनेटर, 11 किलोग्राम गन पाउडर, 4 प्लास्टिक ड्रम, 2 स्टील ड्रम, 2 लोहे के ड्रम व माओवादी वर्दी, जूते, कैप, डोरी, यूएसबी केबल, सोलर प्लेट और साहित्य, एरिया डॉमिनेशन के दौरान जवानों ने जमीन में दबाकर रखे गए 13 बीयर बोतल आईईडी (प्रेशर स्विच सिस्टम) और एक डायरेक्शन आईईडी भी मौके से बरामद किया। इसके अलावा टेकमेटला कुंजामपारा क्षेत्र में निर्मित एक और माओवादी स्मारक को ध्वस्त किया गया।
गांव में लगा चलित थाना, ग्रामीणों से सीधा संवाद
अभियान के दौरान ग्राम पंगुड़ में सीआरपीएफ बी/62 वाहिनी और मोदकपाल पुलिस ने चलित थाना लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। जवानों ने साइबर जागरूकता अभियान चलाकर ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल, ओटीपी धोखाधड़ी और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग को लेकर लोगों को जागरूक किया। ग्रामीणों ने ‘भारत माता की जय’ के नारों के साथ सुरक्षाबलों का उत्साह बढ़ाया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur