-संवाददाता-
अम्बिकापुर,14 दिसम्बर 2025
(घटती-घटना)।
सरगुजा संभाग में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति गंभीर हो गई है। हाल ही में कोरिया जिले के एक और महिला की प्रसव के दौरान मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की कमी और प्रबंधन की लापरवाही की स्थिति उजागर हो रही है। 26 वर्षीय सविता,जो कोरिया जिले के पटना थाना क्षेत्र के ग्राम झिटकीपारा की निवासी थीं को प्रसव पीड़ा के बाद 13 दिसंबर को कोरिया जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया और परिजनों को बैकुंठपुर के निजी अस्पताल में ले जाने के लिए कहा। यहां सविता ने एक मृत बच्ची को जन्म दिया, लेकिन इसके बाद उसकी हालत बिगडऩे लगी और रक्तस्राव बंद नहीं हो रहा था। निजी अस्पताल के डॉक्टर ने उसे जल्द से जल्द रेफर किया और सविता को अंबिकापुर स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। दुर्भाग्यवश,अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। यह घटना तब हुई जब पिछले एक सप्ताह में चार गर्भवती महिलाओं और नवजात बच्चों की मौत हो चुकी है। इनमें से अधिकांश मौतें उस वक्त हुईं जब इन महिलाओं को समय पर समुचित इलाज नहीं मिल सका और उन्हें रेफर किए जाने के बावजूद अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी जान चली गई। यह स्थिति स्वास्थ्य सेवाओं की बड़ी विफलता को दर्शाती है, जबकि राज्य सरकार ने सुरक्षित प्रसव के लिए कई कदम उठाए हैं। इन घटनाओं को लेकर क्षेत्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी की चुप्पी भी सवालों के घेरे में है। उनके क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति को लेकर लोगों में गहरा आक्रोश है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर समय पर इलाज उपलब्ध होता तो इन मौतों को टाला जा सकता था। सरगुजा संभाग में जच्चा-बच्चा की मौत की घटनाएं कोई नई बात नहीं हैं, लेकिन इस बार यह अधिक चिंताजनक है क्योंकि पिछले कुछ महीनों में ऐसी घटनाओं की संख्या बढ़ी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के कारण ऐसी मौतें हो रही हैं, और अगर सरकार ने इस पर ठोस कदम नहीं उठाए तो यह समस्या और बढ़ सकती है। अब यह देखना होगा कि प्रशासन और सरकार इस गंभीर मुद्दे पर कब तक कार्रवाई करते हैं और क्या वे महिलाओं और बच्चों की जान की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपाय लागू करेंगे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur