Breaking News

सागर@मध्यप्रदेश में जहरीली शराब से पिता-बेटा समेत 22 मौतें

Share


112 की हालत बिगड़ी,शराब ठेकेदार समेत 30 पर केस,10 गिरफ्तार


सागर,07 सितम्बर 2026। मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या 22 हो गई है। मरने वालों में पिता-पुत्र भी शामिल हैं। 112 लोग ऐसे हैं,जिनकी जहरीली शराब पीने से हालत बिगड़ी है। उन्हें सागर और भोपाल के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मामले में शराब बेंचने वाले ठेकेदार समेत 30 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई हैं। इनमें से 10 को अरेस्ट कर लिया गया है। सोमवार सुबह महेश रावत (55),श्याम बाई अहिरवार (50) और कृष्ण कुमार लोधी ने दम तोड़ा। इससे पहले एयरलिफ्ट कर भोपाल लाए गए राम प्रसाद लोधी की रविवार देर रात को मौत हुई थी। उनके पिता गोविंद लोधी ने भी रविवार को दम तोड़ दिया था। रामप्रसाद का छोटा भाई भूरे लोधी सागर में भर्ती है। वहीं, दोपहर में गूगरा खुर्द निवासी भगवान सिंह (35), खटोरा निवासी गोपाल आदिवासी (40) और देश कुमार लोधी, निवासी मुड़ना पैरा की भी मौत हुई है। जहरीली शराब से मरने वाले महेश के भतीजे श्रवण कुमार रावत ने बताया कि चाचा ने कल शाम को शराब पी थी,जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ी थी। वहीं, श्याम बाई के बेटे विट्ठल अहिरवार ने कहा…हम मामा के घर गमी में गए थे। मां घर में अकेली थी। उन्होंने गांव में किसी से मंगवाकर शराब पी ली। देर रात उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। सुबह उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे,जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। एक शख्स ने पूछा था…जहरीली शराब तो नहीं है बंडा थाने में दर्ज एफआईआर के अनुसार,फरियादी अनूप सिंह लोधी ने बताया कि उसके गांव में करीब 8 लोग अवैध रूप से शराब बेचते हैं। 4 सितंबर को वह अपने भतीजे राजेंद्र लोधी के साथ जुझार लोधी की दुकान पर गया था। जुझार ने बताया कि बरेठी के लाइसेंसी शराब ठेकेदार यशवंत सिंह,मनीष लोधी और बंडा निवासी आशीष साहू ने आकाश राय,रहीम खान,सत्यम,आशाराम,अरविंद, रविंद्र, रोहित, अनिकेत गंधर्व और माखन के माध्यम से अपनी गाड़ी से नया सस्ता ब्रांड भेजा है।
उसने कहा कि यह शराब दुकान से 20 रुपए सस्ती मिलेगी। अनूप ने कहा कि उसे आज शराब नहीं पीनी है। राजेंद्र ने पूछा कि नकली जहरीली शराब तो नहीं है।
दुकानदार जुझार ने कहा…20 रुपए सस्ती मिलेगी
शराब दुकानदार जुझार लोधी ने कहा…ब्रांड वही है और इसे मनीष व आशीष ने शराब के फार्मूले से बनाया है। उसने कहा कि यह बाजार से 20 रुपए सस्ती मिलेगी। राजेंद्र ने जुझार की दुकान से 70 रुपए में एक क्वार्टर देशी शराब खरीदी और पी। रात में घर लौटने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे बंडा अस्पताल ले जाया गया, जहां से सागर रेफर किया गया। इलाज के दौरान राजेंद्र की मौत हो गई। करतार सिंह लोधी और दिग्विजय सिंह लोधी की भी शराब पीने से मौत हुई।
112 लोगों की हालत बिगड़ी
जहरीली शराब पीने के बाद करीब 112 लोगों की तबीयत बिगड़ने की जानकारी है। इनमें से कई लोगों को सागर और भोपाल के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। शुरुआती जांच में शराब में मेथेनॉल की मिलावट पाए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने शराब ठेकेदार समेत करीब 30 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।


Share

Check Also

नई दिल्ली@महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक भाषा बर्दाश्त नहीं करूंगा,मेरी जीत के पीछे महिलाएं हीं : सीएम विजय

Share नई दिल्ली,07 सितम्बर 2026 तमिलनाडु के सीएम विजय ने सोमवार को विधानसभा में कहा …

Leave a Reply