Breaking News

जगदलपुर@छत्तीसगढ़-आंध्र प्रदेश बॉर्डर पर बस घाटी में गिरी,9 यात्रियों की मौत

Share


जगदलपुर,12 दिसंबर 2025 I छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश की सीमा पर शुक्रवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। मारेडमिल्ली थाना क्षेत्र स्थित घाटी में एक यात्री बस अनियंत्रित होकर नीचे गिर पड़ी। हादसे में 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल भद्राचलम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रशासन ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, 12 दिसंबर की सुबह अरकू से रायलासीमा चिंटूर की ओर जा रही यह यात्री बस चिंटूर-भद्राचलम घाट रोड पर पहुंची ही थी कि चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। बस तेजी से घाटी में नीचे गिर गई और घनी झाडि़यों में जाकर उलट गई। बस में कुल 40 यात्री सवार थे। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और तस्वीरों में सड़क पर बिखरे शव, यात्रियों का सामान और क्षतिग्रस्त बस साफ दिखाई दे रही है। कई यात्री बस से उछलकर सड़क पर जा गिरे।

स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि झाडि़यों में फंसी बस के अंदर कई यात्री घायल अवस्था में पड़े थे। लोगों ने खिड़कियां तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला और सड़क तक पहुंचाया।
स्थानीय लोग बने फ़र्स्ट रेस्पॉन्डर
हादसे के तुरंत बाद मार्ग से गुजर रहे वाहन चालकों और ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर रेस्क्यू शुरू किया। कई घायलों को अपनी गाडि़यों में बैठाकर अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रशासन की प्रतिक्रिया
एएसआर जिला कलेक्टर दिनेश कुमार ने बताया कि बस दुर्घटना चिंटूरू और भद्राचलम के बीच घाट रोड पर हुई। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम और पुलिस मौके पर पहुंच गई। बचावकर्मी बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में जुटे रहे। कलेक्टर ने कहा कि मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
पृष्ठभूमि और आगे की स्थिति
चिंटूर-भद्राचलम घाट रोड पर पहाड़ी मोड़ों और खड़ी ढलानों के कारण दुर्घटनाएं अक्सर होती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर सुरक्षा बैरियर और संकेतक पर्याप्त नहीं हैं। अधिकारियों ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं और बस के अनियंत्रित होने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


Share

Check Also

ओड़गी शिक्षा विभाग की कड़वी विदाई

Share जिस गुरु ने संवारा देश का भविष्य,वह बुढ़ापे में अपने ही हक के लिए …

Leave a Reply