सुरजपुर,29 अगस्त 2025 (घटती-घटना)। पिलखा क्षीर सिलफिली के बकाएदारों के लाखों रुपए की लंबित राशि का भुगतान के मामले में आज जिला पंचायत सीईओ व एसडीएम की उपस्थिति किसानों से चर्चा उपरांत एक महीने का समय लिया गया है। गौरतलब है कि पिलखा क्षीर सिलफिली के दूध विक्रेताओं के समेत अन्य कार्यों हेतु बकाया करीब 90 लाख रुपए का भुगतान किया जाना वर्षों से लंबित है। भुगतान न मिलने से किसानों को आर्थिक व मानसिक रूप से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जिस पर युवक कांग्रेस भटगांव विधानसभा अध्यक्ष विक्की समद्दार द्वारा पिछले दिनों कलेक्टर को ज्ञापन देकर लंबित भुगतान को जल्द कराए जाने की मांग की गई थी। बावजूद इसके आज तक कोई पहल नहीं होने पर 18 अगस्त को पुनः कलेक्टर को ज्ञापन देकर एनएच 43 पर 20 अगस्त को पिलखा क्षीर के सामने चक्काजाम व विरोध प्रदर्शन किए जाने हेतु ज्ञापन कलेक्टर को दिया गया था। जिसमें 19 अगस्त को एसडीएम शिवानी जायसवाल व एसडीओपी अभिषेक पैकरा की पहल पर जिला पंचायत सदस्य नरेंद्र यादव व युवा कांग्रेस भटगांव विधानसभा अध्यक्ष विक्की समद्दार के नेतृत्व में किसानों के साथ जिला मुख्यालय सुरजपुर में एक बैठक आहूत कर जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले के साथ बैठक कराए जाने की बात कही गई थी। इसी तारतम्य में शुक्रवार को किसानों का प्रतिनिधि मंडल जिला पंचायत सदस्य नरेंद्र यादव व युवा कांग्रेस भटगांव विधानसभा अध्यक्ष विक्की समद्दार के नेतृत्व में बैठक जिला पंचायत सभाकक्ष में आहूत की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले ने किसानों की बातों को गंभीरता से सुनने उपरांत एक महीने के अंदर पूरी जानकारी एकत्र करके समस्या के निराकरण हेतु पहल किए जाने का आश्वासन दिया है। इस दौरान धरनीधर चौरसिया, वेद प्रकाश मिश्र, तपन सिकदार, मिक्का मंडल, पीयूष कुशवाहा, भागवत कुशवाहा, ओमप्रकाश कुशवाहा, यश दास, अभय लकड़ा, रामावतार कुशवाहा, राजेश यादव व अन्य उपस्थित थे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur