अंबिकापुर,26 अगस्त 2025(घटती-घटना)।शहर में भक्ति,उल्लास और आस्था का वातावरण बन गया है। विघ्नहर्ता भगवान गणेश मंगलवार की सुबह से ही श्रद्धालुओं के जयकारों और ढोल-नगाड़ों के साथ पंडालों और घरों में भव्य स्वागत के साथ विराजमान हो गए हैं। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मंगलवार को सुबह से ही शहर के विभिन्न क्षेत्रों से गजानन की मूर्तियों को नाचते-गाते, जयकारों के साथ पंडालों में लाया गया। गणपति बप्पा मोरया मंगलमूर्ति मोरया के नारों से पूरा शहर गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने ढोल-ताशों के साथ बप्पा की आगवानी की। खासकर युवाओं और बच्चों में गणेश स्थापना को लेकर विशेष उत्साह नजर आया। स्थानीय मूर्तिकारों द्वारा तैयार की गई आकर्षक गणेश मूर्तियाँ श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही हैं। कहीं पारंपरिक रूप में तो कहीं आधुनिक झलक लिए पंडालों में भगवान गणेश की भव्य स्थापना की गई है। कई सार्वजनिक गणेशोत्सव समितियों ने सजावट और थीम आधारित पंडाल बनाकर लोगों का ध्यान खींचा है। बुधवार 27 अगस्त को गणेश चतुर्थी के दिन शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गणेश प्रतिमाओं की पूजा-अर्चना की जाएगी। पंडालों में पूजा के साथ-साथ भजन, आरती, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी 10 दिनों तक किया जाएगा। गणेश स्थापना के साथ ही गणेश उत्सव का 10 दिवसीय पर्व शुरू हो गया है, जो अनंत चतुर्दशी के दिन प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ संपन्न होगा। इस दौरान शहर में भक्ति और उत्सव का अनोखा संगम देखने को मिलेगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur