- कपूर खानदान से था गहरा नाता, असल जिंदगी में भी थे अमीर
कपूर खानदान ने हिंदी सिनेमा को एक-दो नहीं दर्जनों स्टार दिए हैं। पृथ्वीराज कपूर से लेकर राज कपूर, शम्मी कपूर,शशि कपूर, ऋषि कपूर, राजीव कपूर, रणधीर कपूर और अब करीना, करिश्मा और रणबीर कपूर खानदान की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। बॉलीवुड के इस नामी खानदान से और भी कई सितारे जुड़े हैं, जो बॉलीवुड में खास मुकाम रखते हैं। इस परिवार के ज्यादातर सदस्यों ने सुपरस्टार का दर्जा हासिल किया और हिंदी सिनेमा में अपना योगदान दिया। लेकिन, क्या आप कपूर खानदान से नाता रखने वाले उस सदस्य के बारे में जानते हैं, जिसने बड़े पर्दे पर एक सख्त, रईस और रौबीले पिता के किरदार निभाए जो आगे चलकर उनकी पहचान ही बन गया।
बॉलीवुड के सख्त और रौबीले पिता
कपूर खानदान से आने वाले ये अभिनेता सुपरस्टार के तौर पर तो अपनी पहचान नहीं बना सके,लेकिन सपोर्टिंग एक्टर के तौर पर खूब नाम कमाया। इन्होंने अपने अंदाज से लोगों के बीच अपनी छवि भी ऐसी ही बना ली। एक समय था जब इनके स्क्रीन पर आते ही लोगों के मन में यही ख्याल आता था कि अब ये हीरो-हीरोइन की लव स्टोरी में नई-नई अड़चनें पैदा करेंगे। हम बात कर रहे हैं एक्टर पिंचू कपूर की।
पिंचू कपूर का असली नाम
पिंचू कपूर का जन्म 1927 में हुआ और उनका असली नाम पुष्पेंद्र कपूर है। पिंचू कपूर का जन्म पाकिस्तान के रावलपिंडी में हुआ था और फिल्मों में आने के बाद इन्होंने अपना नाम बदलकर पिंचू कपूर कर लिया था। पिंचू, पृथ्वीराज कपूर के भतीजे थे और खासे रईस खानदान से ताल्लुक रखते थे। पिंचू कपूर फिल्मों में ज्यादातर विलेन के रोल में ही नजर आए। एक रईस, सख्त और रौबीला पिता, जो हीरो की नाक में दम कर देता है। असल जिंदगी में भी पिंचू कपूर के ठाठ कम नहीं थे।
महंगी कारों के शौकीन थे पिंचू कपूर
पिंचू कपूर रियल लाइफ में खूब ठाठ-बाट से रहते थे। महंगी कारों से लेकर महंगे कपड़े उनके शौक थे। पिंचू 60-70 के दशक में भी फोर्ड कार चलाते थे और बड़े से बंगले में रहे थे। उनके कजिन शशि कपूर वो शख्स थे, जो उन्हें जयपुर से मायानगरी मुंबई खींच लाए। यहां उन्हें एक डायरेक्टर ने देखा और अकड़ू पिता का रोल ऑफर कर दिया। डायरेक्टर पिंचू कपूर की लंबी-चौड़ी कद-काठी से इंप्रेस हो गया। इसके बाद उन्होंने सैकड़ों फिल्मों में काम किया और ज्यादातर में रईस पिता के किरदार में ही नजर आए।
किसी के घर में नहीं ठहरते थे पिंचू कपूर
कहते हैं, पिंचू कपूर मुंबई में शूटिंग तो करते थे, लेकिन किसी के घर में ठहरना पसंद नहीं करते थे। ऐसे में वह होटल में रुकते थे। पिंचू कपूर की पहली फिल्म अनमोल घड़ी थी और इसके बाद उन्होंने खुद्दार, ईमान, खानदान, धर्म, डॉन, रोटी और हेराफेरी जैसी अनेकों फिल्मों में काम किया। फिल्मों में होते हुए भी पिंचू कपूर ने कभी मुंबई में घर नहीं लिया। वह जयपुर में ही रहते थे और शूटिंग के वक्त मुंबई आ जाते थे। उन्होंने डॉन में इंटरपोल अधिकारी की भूमिका निभाई थी,जिसे काफी पसंद किया गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur