दीपक बैज ने अपराध के आंकड़ों के साथ सरकार पर बोला हमला,एक साल में 93 हत्याओं का दावा
रायपुर,21 अप्रैल 2025 (ए)। छत्तीसगढ़ में बढ़ते अपराध को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने का ऐलान किया। प्रदर्शन से पहले आयोजित सभा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सरकार के खिलाफ जमकर हमला बोला और अपराध से जुड़े आंकड़े साझा किए।
सभा स्थल पर पूर्व पीसीसी चीफ धनेंद्र साहू,पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू और वरिष्ठ नेता सत्यनारायण शर्मा भी मौजूद रहे। सभा को संबोधित करते हुए बैज ने कहा, प्रदेश की जनता आज डरी हुई है। कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। हमारी लड़ाई जनता के हक और बेटियों की सुरक्षा के लिए है।
93 हत्याएं केवलरायपुर में .बैज का दावा
बैज ने आरोप लगाया कि सिर्फ रायपुर में पिछले एक साल में 93 हत्याएं हुई हैं। उन्होंने कहा, दुर्ग और रायपुर जैसे शहरों में बेटियों के साथ बलात्कार हो रहे हैं। मुंगेली में एक लड़की 10 दिनों से गायब है और सरकार उसे तलाश नहीं पा रही। मरवाही में भी बलात्कार की खबर आई है। यह स्थिति बेहद चिंताजनक है। उन्होंने आगे कहा कि अपराध के खिलाफ आवाज उठाना आज जरूरी हो गया है क्योंकि भाजपा सरकार अपराधों को रोकने में पूरी तरह विफल रही है।
मुख्यमंत्री निवास घेराव में बड़ी संख्या में शामिल हुए एनएसयूआई कार्यकर्ता

आज दिनांक 21 अप्रैल 2025 को दुर्ग में मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी और छत्तीसगढ़ में बढ़ते अपराधों हत्या, बलात्कार,लूट, डकैती के विरोध में कांग्रेस पार्टी द्वारा मुख्यमंत्री निवास घेरावआंदोलन का आयोजन किया गया। इस आंदोलन में छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे और प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। धमतरी जिला एनएसयूआई की ओर से भी भारी संख्या में कार्यकर्ताओं ने इस आंदोलन में भाग लिया। धमतरी जिले से एनएसयूआई जिला अध्यक्ष राजा देवांगन के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन में सक्रिय भागीदारी निभाई और राज्य सरकार से कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति पर जवाब माँगा। राजा देवांगन ने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियों की सुरक्षा से सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है। जब तक दोषियों को सजा नहीं मिलती और सरकार जवाबदेही नहीं निभाती, तब तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा। यह आंदोलन जनता की आवाज को शासन तक पहुँचाने का प्रयास है और इस प्रकार की अमानवीय घटनाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करता है। इस दौरान अरविन्द यादव ,नोमेश सिन्हा ,ओमप्रकाश मानिकपुरी,चितेन्द्र साहू,सुदीप सिन्हा,धर्मेंद्र पटेल ,कमल साहू,त्रिभुवन मंडावी,बसंत सिन्हा ,विवेक यदु,अमन गोस्वामी,उमेश साहू ,तेजप्रताप साहू सहित दर्जनों की संख्या में एनएसयुआई कार्यकर्ता उपस्थित हुये।
जनता का गुस्सा सड़कों पर
पीसीसी चीफ ने यह भी कहा कि प्रदेश के कोने-कोने से कांग्रेस कार्यकर्ता कड़ी धूप में रायपुर पहुंचे हैं, जो यह दिखाता है कि जनता अब चुप नहीं बैठने वाली। यह प्रदर्शन किसी दल विशेष का नहीं, बल्कि जनता की आवाज है जो अब सड़कों पर उतर चुकी है।
राज्य में बढ़ते अपराधों के विरोध में कांग्रेसी उतरे सड़क पर
प्रदेश में बढ़ते अपराधों के खिलाफ कांग्रेस आज सड़कों पर उतर आई। पीसीसी चीफ दीपक बैज के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रायपुर में मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया। घेराव से पहले नगर निगम मुख्यालय के सामने बड़ी सभा का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश भर से पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। सभा में नेताओं ने महिलाओं के खिलाफ अत्याचार, लूट, हत्या और बलात्कार जैसे गंभीर अपराधों को लेकर साय सरकार को कठघरे में खड़ा किया। हालांकि इस प्रदर्शन में प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव की गैरहाजिऱी चर्चा का विषय बनी रही।प्रदेश भर से पहुंचे नेताओं और कार्यकर्ताओं में प्रमुख रूप से नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, पूर्व पीसीसी चीफ धनेंद्र साहू, सह-प्रभारी विजय जांगीड़,जरिता लैतफलांग,महिला कांग्रेस अध्यक्ष फूलो देवी नेताम, प्रभारी महामंत्री मलकीत गैदू,विधायक अंबिका मरकाम, उमेश पटेल,चातुरी नंद,पूर्व विधायक अरुण वारा,गुरमुख होरा,पूर्व सांसद छाया वर्मा,अनीता शर्मा,पूर्व मंत्री अमितेश शुक्ल,विकास उपाध्याय,सत्यनारायण शर्मा,प्रमोद दुबे समेत एनएसयूआई,यूथ कांग्रेस और महिला कांग्रेस के कार्यकर्ता शामिल रहे। 42 डिग्री हो या 45,हमें हमारी माता-बहनों को बचाने से कोई नहीं रोक सकता। आत्मानंद स्कूल की नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म हुआ, गर्भवती हो गई,प्रशासन को भनक तक नहीं लगी। हर 3 घंटे में एक बलात्कार हो रहा है,सरकार को होश नहीं।वो जनता के लिए नहीं,भक्षक बनकर काम कर रहे हैं। गृह मंत्री बंगाल पर बयान दे रहे हैं, इतनी चिंता है तो इस्तीफा दें और वहां जाकर पद संभालें। जो खुद को आदिवासी नहीं मानते,वो बस्तर में जाकर आदिवासियों के संघर्ष पर भाषण दे रहे हैं।बलौदाबाज़ार और बलरामपुर की घटनाएं साबित करती हैं कि जनता का प्रशासन से विश्वास उठ गया है। डेढ़ साल में छत्तीसगढ़ ने अपराध के मामलों में तेजी से छलांग लगाई है।
रामविचार नेताम का तंज-गिरती जा रही है पार्टी की साख
भाजपा मंत्री रामविचार नेताम ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। मंत्री नेताम ने कहा, कांग्रेस पर ‘ढाक के तीन पात’ की कहावत बिल्कुल सटीक बैठती है। पार्टी अपने आंदोलनों में केवल कार्यकर्ताओं को आगे करती है, लेकिन शीर्ष नेता खुद नज़र नहीं आते। इससे जनता के बीच कांग्रेस की साख लगातार गिरती जा रही है।
10 में से 8 मामलों में आरोपी का होता है कांग्रेस कनेक्शनःसंजय श्रीवास्तव

प्रदेश में लचर कानून व्यवस्था और महिलाओं के प्रति आए दिन हो रहे अपराध को लेकर पीसीसी चीफ दीपक बैज के नेतृत्व में कांग्रेस ने मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया। वहीं आज प्रेसकॉन्फ्रेंस में भाजपा ने कांग्रेस के इस प्रदर्शन को अपराध के खिलाफ अपराधियों का प्रदर्शन करार दिया। कांग्रेस के सीएम निवास घेराव को लेकर भाजपा प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने कहा कि कांग्रेस का प्रदर्शन आम लोगों के लिए आश्चर्यजनक है। उन्होंने कहा कि 10 में से 8 मामलों में अपराधी कांग्रेस से जुड़े होते हैं। वहीं कांग्रेस के शासनकाल में नशे को बढ़ावा दिया जाता रहा। इस दौरान भाजपा के महामंत्री ने भूपेश सरकार की प्रमुख घटनाएं गिनाई। उन्होंने कहा कि सूरजपुर की घटना में कांग्रेस कार्यकर्ता कुलदीप साहू था। बलौदाबाजार की घटना में कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव की भूमिका सामने आई। कांग्रेस विधायक उत्तरी जांगड़े ने भी भड़काऊ भाषण से उकसाने का प्रयास किया। बिलासपुर की घटना जहां पीएम आवास के नाम पर युवती से रेप हुआ, इस मामले में भी कांग्रेस के पूर्व पार्षद काशीनाथ रात्रे का नाम सामने आया। बालोद सुसाइड मामले में पूर्व मंत्री अकबर का नाम, नारायणपुर में बीजेपी नेता रतन दुबे की हत्या में भी कांग्रेस का हाथ सामने आया।
कांग्रेस के प्रदर्शन को भाजपा ने बताया पाखंड, कहा- अपराधी मन के फौज…
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज कांग्रेस सीएम हाउस का घेराव कर रही है। बता दें कि घेराव से पहले नगर निगम के सामने एक जनसभा भी आयोजित हुई। जहां छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कांग्रेस का यह प्रदर्शन दिनों दिन बिगड़ती जा रही कानून व्यवस्था को लेकर है।छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने दावा किया है कि सिर्फ रायपुर में ही एक साल में 93 हत्याएं हुई है। कांग्रेस प्रदेशभर में एक साल में अलग-अलग अपराधों के आंकड़े भी जारी किए हैं। बैज ने कहा कि, भाजपा सरकार अपराध रोकने में विफल साबित हुई है और जनता डरी हुई है। वहीं छत्तीसगढ़ भाजपा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसे पाखंड बताया है। एक्स प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर बीजेपी ने लिखा है कि-अपराधी मन के फौज,अब नई कर पाही छत्तीसगढ़ मा मौज…।