सुकमा,29 मार्च 2025 (ए)। सुकमा और दंतेवाड़ा के सरहदी इलाके में शनिवार को सुरक्षाबलों ने शनिवार को एक मुठभेड़ में 17 नक्सलियों को मार गिराया। मुठभेड़ में चार जवान भी घायल हो गए। इनमें से तीन जवान डीआरजी और एक सीआरपीएफ के हैं। मुठभेड़ स्थल पर भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए हैं। मारे गए नक्सलियों में से 7 की पहचान कर ली गई है। इसमें दरभा डिवीजन के सचिव कुहाड़ामी जगदीश उर्फ बुधरा है। इसके अलावा रोशन उर्फ भीमा, माड़वीदेवे, दशरी कोवासी, सलवम जोगी, हुंगी निलावाया और खेड़मे कोरमागोदी थाना कुकानार हैं।
बस्तर पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया कि केरलापाल थाना क्षेत्र के जंगल में सुबह करीब आठ बजे उस समय गोलीबारी हुई जब सुरक्षाकर्मियों का एक संयुक्त दल नक्सल विरोधी अभियान पर निकला था। सुंदरराज ने बताया कि केरलापाल क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना के आधार पर शुक्रवार रात शुरू किए गए अभियान में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान शामिल थे। उन्होंने बताया, ‘अब तक मुठभेड़ स्थल से 17 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं । अभियान अब भी जारी है।’ अधिकारी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान डीआरजी के दो जवान मामूली रूप से घायल हुए हैं, उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से एके-47 राइफल,सेल्फ लोडिंग राइफल (एसएलआर), इंसास राइफल, .303 राइफल, रॉकेट लांचर और बैरल ग्रेनेड लांचर (बीजीएल) सहित भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद किया गया है।
नक्सलवाद पर एक और स्ट्राइक, सुकमा एनकाउंटर पर अमित शाह का ट्वीट

सुकमा एनकाउंटर पर अमित शाह का बयान सामने आया है, उन्होंने कहा, नक्सलवाद पर एक और स्ट्राइक, हमारी सुरक्षा एजेंसियों ने सुकमा में एक अभियान में 16 नक्सलियों को ढेर कर दिया है और स्वचालित हथियारों का एक बड़ा जखीरा बरामद किया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हम 31 मार्च 2026 से पहले नक्सलवाद को खत्म करने के लिए संकल्पित हैं। हथियार रखने वालों से मेरी अपील है कि हथियार और हिंसा से बदलाव नहीं आ सकता; केवल शांति और विकास ही बदलाव ला सकता है।
नक्सली सरेंडर करे,हम गोली नहीं चलाएंगे:गृहमंत्री शर्मा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ में माओवादी गतिविधियों को खत्म करने के लिए एक ठोस डेडलाइन तय की है। उन्होंने ऐलान किया है कि 31 मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ को नक्सलमुक्त कर दिया जाएगा। इसके लिए युद्ध स्तर पर अभियान जारी है और सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई जारी है। इसी बीच आज एक बार फिर सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। जवानों ने मुठभेड़ में 16 नक्सलियों को ढेर कर दिया है। 16 नक्सलियों के मारे जाने के बाद सीएम साय और गृह मंत्री विजय शर्मा ने जवानों को बधाई दी है। साथ ही कहा कि छत्तीसगढ़ जल्द ही नक्सलमुक्त होगा। इसके अलावा मंत्री शर्मा ने कहा कि अगर नक्सली आत्म समर्पण करें गोली नहीं चलाएंगे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur