दर्शन का समय बढ़ा नया टाइम टेबल जारी
अयोध्या,04 मार्च 2025 (ए)। श्री राम जन्मभूमि मंदिर में भक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दर्शन का समय बढ़ा दिया गया है। अब मंदिर के द्वार सुबह 7 बजे की बजाय एक घंटे पहले, यानी सुबह 6 बजे से खुल जाएंगे। यह नई व्यवस्था सोमवार से प्रभावी हो गई है।
राम मंदिर ट्रस्ट के मीडिया प्रभारी ने सोमवार को इसकी जानकारी साझा की। उनके अनुसार, दर्शन के लिए संशोधित समय-सारणी में आरती के समय में भी बदलाव किया गया है। नई व्यवस्था के तहत भक्त सुबह 6ः30 बजे श्रृंगार आरती के बाद 11ः50 बजे तक मंदिर में दर्शन कर सकेंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे राजभोग आरती के लिए मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाएंगे। दोपहर 1 बजे से मंदिर दोबारा खुलेगा और भक्त शाम 6ः50 बजे तक दर्शन कर सकेंगे।
इसके बाद शाम 7 बजे संध्या आरती का आयोजन होगा। ट्रस्ट ने बताया कि रात 9ः45 बजे तक भक्तों को दर्शन की अनुमति रहेगी, जिसके बाद रात 10 बजे शयन आरती के साथ मंदिर अगले दिन की सुबह तक बंद हो जाएगा। यह बदलाव भक्तों की बढ़ती संख्या और उनकी सुविधा को देखते हुए किया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग भगवान राम के दर्शन कर सकें।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur