
@ किसी का दम फूला तो किसी की हड्डी- पसली हुई एक…
@ अस्पताल से निकलकर सामने आया भगदड़ में दबे लोगों का हाल…
नई दिल्ली,16 फरवरी 2025 (ए)। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में 18 लोगों की मौत और 25 से ज्यादा लोग घायल हो गए। भगदड़ नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात करीब साढ़े 9 बजे हुई। जिसके बाद मृतकों को दिल्ली के आरएमएल अस्पताल लाया गया। जो लोग घायल थे, उन्हें लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पतालों के सूत्रों के मुताबिक, घायलों और मृतकों का हाल जो बताया गया वह सुनकर आपके रोंगटे खड़े हो जाएंगे।
अस्पताल में घायलों का हाल
आइए सबसे पहले भगदड़ में घायल हुए लोगों का हाल जान लेते हैं। भगदड़ में दबे घायलों को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। अस्पताल के एक सूत्र ने बताया कि ज्यादातर मरीजों के निचले अंग में चोट लगी है और कुछ को हड्डियों में चोट लगी है। चार लोग निगरानी में हैं और बाकी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। ज्यादातर मरीज फिलहाल स्थिर हैं। 15 डॉक्टरों की एक टीम घायल मरीजों की देखभाल कर रही है।
दम घुटने से हुई लोगों की मौत
वहीं, भगदड़ में मरने वाले 18 लोगों का शव आरएमएल अस्पताल में लाया गया था। जहां अस्पताल के एक स्टाफ सूत्र ने बताया कि अस्पताल में लाए गए ज्यादातर शवों के सीने और पेट में चोटें थीं और उनकी दम घुटने से मौत हुई थी। मालूम हो कि, ये खौफनाक हादसा प्लेटफॉर्म नंबर 13, 14 और 15 के बीच हुआ। जहां महाकुंभ जाने के लिए स्टेशन पर शाम 4 बजे से ही भीड़ जुटने लगी थी। लोग अपना समान लेकर स्टेशन पर पहुंचने लगे थे। रात को करीब 8ः30 बजे प्रयागराज जाने वाली 3 ट्रेनें लेट हो गईं, जिसके बाद ट्रेन के इंतजार में स्टेशन पर इतनी भीड़ इकट्ठी हो गई कि गाड़ी का प्लटफॉर्म बदलते ही भगदड़ मच गई और भीड़ आउट ऑफ कंट्रोल हो गई।
हादसे की जांच को लेकर बनाई गई दो सदस्यीय कमेटी
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ को लेकर दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा, विशेष सीपी रॉबिन हिब्बू, विशेष सीपी एलएंडओ रवींद्र यादव और संयुक्त सीपी विजय सिंह नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर रेलवे डीसीपी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने दिल्ली पुलिस द्वारा तैयार की गई प्रारंभिक जांच रिपोर्ट पर बैठक की। इधर, हादसे की जांच के लिए दो सदस्यीय कमेटी बनाई गई है। जिसमें उत्तर रेलवे के दो अधिकारी नरसिंह देव और पंकज गंगवार को शामिल किया गया है। कमेटी ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के सभी सीसीटीवी वीडियो फुटेज को सुरक्षित करने का आदेश दिया है।
घटना का परिदृश्य
इस भगदड़ की घटना प्लेटफॉर्म 14 और 15 पर रात 10 बजे के आसपास हुई। बताया जा रहा है कि इस समय प्लेटफॉर्म पर महाकुंभ स्नान के लिए प्रयागराज जा रहे श्रद्धालुओं की भीड़ अचानक बढ़ने से इस हादसे का प्रकोप हुआ। घायलों को इलाज के लिए एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नई दिल्ली के रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में 18 लोगों की मौत पर मुआवजे का ऐलान
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात हुई भगदड़ में 14 महिलाओं समेत 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। इस घटना के प्रभावित लोगों के लिए मुआवजे का ऐलान किया गया है। मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 2.5 लाख और मामूली चोटों वालों को 1 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया दःुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोकाकुल परिवारों को संवेदना व्यक्त की है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। इसके अलावा, इस हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
फालतू का है महाकुंभ,इसका कोई मतलब नहीं
पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव ने महाकुंभ को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि फालतू का है कुंभ, इसका कोई मतलब नहीं है। वहीं, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन हादसे पर उन्होंने कहा कि दुखद घटना घटी है। हम मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। उन्होंने कहा, रेलवे की लापरवाही की वजह से यह हादसा हुआ है। यह रेलवे का फेल्योर है। रेल मंत्री को जिम्मेदारी लेनी चाहिए।
रेलवे का बयान: प्लेटफॉर्म नहीं बदला गया
रेलवे ने सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों को गलत बताते हुए कहा है कि किसी भी ट्रेन का प्लेटफॉर्म नहीं बदला गया था। रेलवे ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा, सोशल मीडिया पर फैल रही जानकारी गलत है।
राहुल गांधी की आलोचना: रेलवे की नाकामी और सरकार की असंवेदनशीलता
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने इस हादसे पर दुख जताते हुए रेलवे की नाकामी और सरकार की असंवेदनशीलता को उजागर किया है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ की घटना अत्यंत दुखद और व्यथित करने वाली है। प्रयागराज जा रहे श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्टेशन पर बेहतर इंतजाम किए जाने चाहिए थे। बदइंतजामी और लापरवाही के कारण किसी को अपनी जान नहीं गंवानी चाहिए थी।
प्रयागराज में सुरक्षा बढ़ाई गई
इस हादसे के बाद प्रयागराज जंक्शन पर सुरक्षा कार्यों में वृद्धि की गई है। आरपीएफ के जवानों ने रेलवे स्टेशन परिसर के साथ-साथ फुट ओवर ब्रिज पर भी व्यवस्था संभाल ली है।
इस घटना ने रेलवे प्रशासन की तैयारी और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच के परिणामों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जानी है, जबकि सरकार और प्रशासन को ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए और अधिक सख्ती बरतनी चाहिए।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur