Breaking News

नई दिल्ली,@ सोनिया-सोरोस के पोस्टर पर संसद में हंगामा

Share

@सोनिया-सोरोस के पोस्टर के साथ दिखे गिरिराज
नई दिल्ली,12 दिसंबर 2024 (ए)।
गुरुवार (12 दिसंबर) को संसद के शीतकालीन सत्र के 13 वें दिन की शुरुआत हंगामेदार रही। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सोनिया गांधी और जॉर्ज सोरोस की तस्वीरें लेकर संसद भवन परिसर में प्रदर्शन किया। वहीं, कांग्रेस और विपक्षी सांसदों ने देश नहीं बिकने देंगे के पोस्टर लहराते हुए अडाणी मुद्दे पर सरकार को घेरने की कोशिश की।
राज्यसभा और लोकसभा
की कार्यवाही स्थगित

संसद के भीतर भी टकराव की स्थिति बनी रही। राज्यसभा में विपक्ष ने जगदीप धनखड़ के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की मांग की और अडाणी मुद्दे पर हंगामा किया। वहीं लोकसभा में ज्योतिरादित्य सिंधिया पर टीएमसी सांसद की टिप्पणी को लेकर शोरगुल हुआ, जिसके कारण दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। मौजूदा सत्र में यह पहला दिन नहीं था जब दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित की गई हो।
राज्यसभा में
नड्डा ने विपक्ष को घेरा

राज्यसभा में शून्यकाल के दौरान जेपी नड्डा ने विपक्ष को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, विपक्षी नेता राज्यसभा के चेयरमैन जगदीप धनखड़ को चीयरलीडर कहते हैं। चेयरमैन की मिमिक्री की जाती है। कांग्रेस यह क्यों नहीं बताती कि सोनिया गांधी और जॉर्ज सोरोस का क्या कनेक्शन है? नड्डा के बयान के बाद विपक्षी सांसदों ने हंगामा किया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े भी विरोध जताने के लिए उठे, लेकिन शोरगुल के कारण वे कुछ नहीं कह पाए। हंगामे के कारण राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी गई।
प्लेसेज ऑफ वर्शिप
एक्ट पर विपक्ष का रुख

आरजेडी सांसद मनोज झा ने प्लेसेज ऑफ वर्शिप एक्ट को लेकर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणियों को गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर संसद में विचार होना चाहिए और प्रस्ताव पेश किया जाना चाहिए। मनोज झा ने यह भी कहा कि लोकतंत्र में सत्ता पक्ष को विपक्ष की आवाज सुननी चाहिए, जो कि मौजूदा हालात में सही नहीं हो रहा है।
लोकसभा में भी हुआ जबरदस्त हंगामा
लोकसभा में भी जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। जैसे ही सत्र शुरू हुआ, सत्ता पक्ष के सांसदों ने टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी की टिप्पणी के खिलाफ विरोध जताया। बनर्जी ने सिंधिया को लेडी किलर और विलेन कहा था। स्पीकर ओम बिरला ने इस मामले को लेकर कहा कि बुधवार को जो कुछ भी हुआ वह ठीक नहीं था।
कांग्रेस सांसदों ने किया प्रदर्शन
गिरिराज सिंह ने जॉर्ज सोरोस और सोनिया गांधी की तस्वीरों के जरिए विपक्ष पर निशाना साधते हुए कांग्रेस और विदेशी ताकतों के बीच कथित संबंधों पर सवाल उठाए। इसके जवाब में कांग्रेस सांसदों ने अडाणी मामले को लेकर सरकार पर तीखा हमला किया। प्रियंका गांधी सहित अन्य विपक्षी नेताओं ने संसद परिसर में प्रदर्शन करते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल उठाया।
महाभियोग प्रस्ताव पर विपक्ष की तैयारी
विपक्षी दलों ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के जज शेखर यादव के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने की प्रक्रिया तेज कर दी है, जिसके लिए राज्यसभा के 50 सांसदों के साइन की आवश्यकता है। अब तक 38 सांसदों ने साइन कर दिए हैं। कांग्रेस सांसद विवेक तनखा ने कहा कि यह मामला संसद में गंभीरता से उठाया जाएगा।
कई सांसदों ने पेश किया स्थगन प्रस्ताव
आप सांसद संजय सिंह ने दिल्ली में बिगड़ती कानून व्यवस्था और बढ़ते अपराधों पर चर्चा के लिए नोटिस दिया। कांग्रेस सांसद विजय कुमार ने मेडिकल इंटर्न और रेजिडेंट डॉक्टरों को वजीफा न मिलने का मुद्दा उठाया। मणिकम टैगोर ने तमिलनाडु की भूमि और जैव विविधता को लेकर खनन अधिकार रद्द करने की मांग की। इन मुद्दों पर संसद में चर्चा की उम्मीद है।


Share

Check Also

कोलकाता@ममता की टीएमसी टूटी…58 विधायकों ने अलग गुट बनाया

Share ऋतब्रत बनर्जी को विधायक दल का नेता चुनाकोलकाता,03 जून 2026। पश्चिम बंगाल में ममता …

Leave a Reply