@ आयोग बढ़ाएगा सख्ती,उतारे जाएंगे विशेष पर्यवेक्षक…
@ निर्वाचन आयोग ने दोनों राज्यों की संवेदनशीलता को देख बढ़ाई सतर्कता…
@ दोनों राज्यों के प्रत्येक विधानसभा में पहले ही तैनात है सामान्य पर्यवेक्षक
नई दिल्ली,28 अक्टूबर 2024 (ए)। महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव का दंगल सजने के साथ ही निर्वाचन आयोग ने दोनों ही राज्यों में अपनी निगरानी और बढ़ा दी है। इसके तहत दोनों राज्यों में जल्द ही विशेष पर्यवेक्षकों की भी तैनाती दी जाएगी।
महाराष्ट्र और झारखंड दोनों ही राज्यों में मंगलवार को नामांकन दाखिल करने का अंतिम तारीख खत्म होने के साथ इसे अंजाम दिया जाएगा। विशेष पर्यवेक्षकों में पुलिस और आय-व्यय को जांचने वाले पर्यवेक्षक भी रहेंगे।
आयोग ने वैसे तो दोनों राज्यों के विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही अपनी निगरानी बढ़ा दी थी। इस दौरान दोनों राज्यों की प्रत्येक विधानसभा में पर्यवेक्षकों की तैनाती दी गई थी।
सूत्रों की मानें तो दोनों राज्यों में जिस तरह से सियासी हलचल बढ़ी हुई है, उनमें विशेष चौकसी रखने की जरूरत है। यही वजह है कि आयोग ने दोनों राज्यों के प्रत्येक जिलों और विधानसभा में सख्त निगरानी का तंत्र खड़ा करने में जुटी है।्
आयोग ने पिछले हफ्ते ही की थी बैठक
आयोग ने पिछले दिनों ही देश के करीब 625 सेवानिवृत्त आईएएस, आईपीएस और आईआरएस अधिकारियों के साथ इसे लेकर बैठक की है। माना जा रहा है कि इनमें बड़ी संख्या में अधिकारियों की सामान्य पर्यवेक्षक के रूप में तैनाती दे गई है। वहीं बाकी अधिकारियों को जल्द ही विशेष पर्यवेक्षक के रूप में तैनाती देने की तैनाती है।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनावः बीजेपी ने जारी की तीसरी लिस्ट
अब तक उतारे सबसे ज्यादा 146 उम्मीदवार

भारतीय जनता पार्टी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट जारी कर दी है। तीसरी लिस्ट में कुल 25 उम्मीदवारों को जगह दी गई है। इसमें नागपुर-पश्चिम से सुधाकर कोहले और नागपुर-उत्तर से मिलिंद पांडुरंग माने को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में अभी तक कुल 146 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। भाजपा ने अपनी पहली लिस्ट 20 अक्टूबर को जारी की थी। इस लिस्ट में 99 उम्मीदवारों को जगह दी गई थी।पहली लिस्ट में डिप्टी सीएम देवेन्द्र फडणवीस और प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले समेत कई दिग्गजों के नाम थे। इसके बाद भाजपा ने दूसरी लिस्ट 27 अक्टूबर को जारी की थी। इस लिस्ट में 22 उम्मीदवारों के नाम शामिल थे। महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय विधानसभा के लिए 20 नवंबर को एक चरण में ही मतदान होने हैं, जबकि 23 नवंबर को नतीजों की घोषणा की जाएगी।तीसरी लिस्ट में पार्टी ने नागपुर-पश्चिम से सुधाकर कोहले और नागपुर-उत्तर से मिलिंद पांडुरंग माने को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने नागपुर-मध्य सीट से प्रवीण प्रभाकरराव दटके, सावनेर से आशीष रंजीत देशमुख, कटोल से चरणसिंग ठाकुर, आर्वी से सुमित वानखेड़े, साकोली से अविनाश ब्राह्मणकर, चंद्रपुर से किशोर जोरगेवार, वसई से स्नेहा दुबे, बोरीवली से संजय उपाध्याय, वर्सोवा से भारती हेमंत लव्हेकर और लातूर शहर से अर्चना चाकुरकर को उम्मीदवार बनाया है। इसी प्रकार कराड उत्तर सीट से मनोज घोरपड़े, मालशिरस से राम सतपुते, आष्टी से सुरेश धस, घाटकोपर पूर्व से पराग शाह और मुर्तिजापुर से हरीश पिंपले को टिकट दिया गया है। फडणवीस नागपुर दक्षिण-पश्चिम से पार्टी के उम्मीदवार हैं, जबकि प्रदेश इकाई के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले, मंत्री गिरीश महाजन, सुधीर मुनगंटीवार, अतुल सावे जैसे वरिष्ठ नेताओं को भी टिकट दिया गया।महाराष्ट्र में भाजपा महायुति गठबंधन का हिस्सा है और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के साथ मिलकर चुनावी मैदान में है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur