@ कांग्रेस-शिवसेना उद्धव और एनसीपी शरद 85-85-85 सीटों पर लड़ेंगी
नई दिल्ली,23 अक्टूबर 2024 (ए)। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के लिए शिवसेना की बुधवार शाम पहली लिस्ट जारी हुई। उद्धव ठाकरे ने 65 प्रत्याशियों की सूची जारी की, इसमें वरली से उनके बेटे आदित्य ठाकरे को प्रत्याशी बनाया गया है। कोपरी पाचपखाडी से मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के सामने केदार दिघे को टिकट दिया है।
शिक्षा मंत्री दीपक केसरकर के खिलाफ ठाकरे गुट ने सावंतवाडी से पूर्व विधायक राजन तेली को टिकट दिया गया है। कैबिनेट मंत्री अब्दुल सत्तार के खिलाफ सिल्लोड से सुरेश बनकर को चुनाव में उतारा गया है।
शिवसेना की लिस्ट में 3 महिलाओं को टिकट दिया गया है। पांच सीटें एससी और 3 सीटें एसटी के लिए हैं। महाराष्ट्र महाविकास अघाड़ी में शिवसेना ने सबसे पहले लिस्ट जारी की है। अभी कांग्रेस और एनसीपी की लिस्ट आनी बाकी है।
एमव्हीए ने सीट शेयरिंग का फार्मूला भी बताया है। शिवसेना उद्धव के नेता संजय राउत ने बताया कि कुल 270 सीटों पर बात बन गई हैं। कांग्रेस-शिवसेना और एनसीपी 85-85-85 सीटों यानी 255 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी।
बची हुई 33 सीटें में कुछ सीटें एमव्हीए के तीनों दलों को मिलेंगी। कुछ सीट आई. एन. डी. आई. ए. ब्लॉक के अन्य दलों को दी जाएंगी। अन्य दलों में समाजवादी पार्टी,एसडब्ल्यूपी और सीपीआई समेत अन्य पार्टियां शामिल हैं। हालांकि, अन्य दलों को कितनी सीटें दी जाएंगी ये अभी नहीं बताया गया है।
होल्ड पर रखी गई मुंबई की दहिसर सीट
मुंबई की दहिसर विधानसभा सीट उद्धव के हिस्से आई है। इस सीट को फिलहाल होल्ड पर रखा गया है। क्योंकि उद्धव यहां से अभिषेक घोसालकर की पत्नी तेजस्विनी को चुनाव लड़ना चाहते हैं। लेकिन अभिषेक के पिता पूर्व विधायक विनोद घोसालकर भी दहिसर सीट से टिकट मांग रहे हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur