इस मामले में गृहमंत्री अमित शाह से लगाई न्याय की गुहार
प्रतापगढ़,28 जून 2024 (ए)। उत्तर प्रदेश के कुंडा विधायक और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह की पत्नी भानवी सिंह ने एक बार फिर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर गृहमंत्री से न्याय की मांग की है। लोकसभा चुनाव के पहले भी एक्स पर लिखकर सीएम व पुलिस अधिकारियों से न्याय मांगती रहीं हैं। मुकदमा दर्ज हुए एक साल का समय बीत गया, पुलिस ने जांच के नाम पर मामले को ठंडे बस्ते डाल दिया है। जिससे उन्हें न्याय नहीं मिल पा रहा है। दरअसल,कुंडा से विधायक राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह ने फरवरी 2023 में दिल्ली की आर्थिक अपराध शाखा विंग में एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह के खिलाफ आइपीसी की धारा 420, 467, 468, 471, 109 और 120बी के तहत केस दर्ज कराया था। भानवी का आरोप है कि अक्षय प्रताप ने उनके फर्जी हस्ताक्षर कर उनकी कंपनी के शेयर हथिया लिए हैं। इसके लिए उन्होंने भानवी सिंह के फर्जी डिजिटल साइन बनवाए। कंपनी से उन्हें हटाकर खुद डायरेक्टर बन गए।
इसी मामले को लेकर एक बार फिर भानवी सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के बाद देश के गृहमंत्री अमित शाह से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, मेरा देश के गृहमंत्री अमित शाह से निवेदन है कि मुझको निष्पक्ष न्याय दिलाने में मदद करें। ईओडब्ल्यू प्रतापगढ़ एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह को जालसाजी और धोखाधड़ी के मेरे साथ हुए अपराध (संख्या 13/2023, मंदिर मार्ग, दिल्ली में दर्ज) के मामले में बचाने की कोशिश कर रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur