बंगलौर,05 मई २०२४(ए)। कर्नाटक के हावेरी में 50 साल की महिला को खंभे से बांधकर पिटाई करने का मामला सामने आया है। महिला का बेटा एक लड़की के साथ भाग गया था, जिसके बाद कुछ महिलाओं ने ही उसके साथ मारपीट की। यह घटना अरेमल्लापुर गांव में 30 अप्रैल को हुई थी
घटना के बाद पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें तीन महिलाएं शामिल हैं। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
पुलिस के मुताबिक लड़की का परिवार उसकी शादी करने की योजना बना रहा था और इसी बीच मंजूनाथ पिछले हफ्ते अपने गांव लौटा और लड़की के साथ भाग गया। इसके बाद, लड़की के परिवार के सदस्यों ने महिला को सड़क पर घसीटा और उसे रस्सी से बिजली के खंभे से बांध दिया। महिलाओं के एक समूह ने उस पर हमला किया और तीन अन्य पुरुषों ने भी उन्हें इस कृत्य में प्रोत्साहित किया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘ इस घटना की जानकारी मिलते ही हमारी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और महिला को इलाज के लिए अस्पताल ले गई। उसके हाथों में केवल मामूली चोटें आईं और बाद में उसे छुट्टी दे दी गई। ’’
पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और इस घटना के सिलसिले में तीन पुरुषों और तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur