Breaking News

अम्बिकापुर@शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर युवक से 10.28 लाख की साइबर ठगी

Share


व्हाट्सऐप ग्रुप में जोडकर फर्जी ट्रेडिंग वेबसाइट पर बनाई आईडी, अलग-अलग खातों में कराए 19 ट्रांजेक्शन


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,14 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। शेयर मार्केट में निवेश कर कम समय में 20 से 200 फीसदी तक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर अंबिकापुर के 24 वर्षीय युवक से 10 लाख 28 हजार रुपए की ऑनलाइन साइबर ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पहले युवक को व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़ा। इसके बाद फर्जी ट्रेडिंग वेबसाइट पर उसकी आईडी बनाकर निवेश कराया। शुरुआत में वेबसाइट पर मुनाफा दिखाने और 1000 रुपए वापस खाते में भेजकर युवक का भरोसा जीता गया। इसके बाद अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर कराई गई। पुलिस के अनुसार जयस्तंभ चौक निवासी इशान उचानिया ने शिकायत दर्ज कराई है। उसकी जयस्तंभ चौक में कपड़े की दुकान है। 12 से 14 जून 2026 के बीच उसके इंस्टाग्राम पर शेयर मार्केट टिप्स से संबंधित विज्ञापन आया। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद उसका मोबाइल नंबर व्हाट्सऐप ग्रुप में जुड़ गया। ग्रुप में शेयर खरीदने-बेचने से संबंधित टिप्स भेजे जाते थे। कुछ दिन बाद इसी ग्रुप में दूसरे व्हाट्सऐप ग्रुप का लिंक भेजा गया। युवक उसके माध्यम से दूसरे ग्रुप में भी जुड़ गया। यहां एडमिन द्वारा लगातार शेयर बाजार से जुड़ी जानकारी और मुनाफे के दावे किए जाते थे। शिकायत के अनुसार ग्रुप की एडमिन से व्यक्तिगत चैट के बाद युवक को एक वेबसाइट पर आईडी बनाने के लिए कहा गया। आधार और पैन कार्ड की जानकारी देने के बाद 15 जून को वेबसाइट पर उसके नाम से आईडी बनाई गई। युवक को बताया गया कि ग्रुप में जब मैसेज आए, तभी उसी के अनुसार ट्रेडिंग करनी है और निवेश के लिए बताए गए बैंक खाते में रकम जमा करनी है। 17 जून को युवक ने बताए गए बैंक खाते में 10 हजार रुपए जमा किए। वेबसाइट पर उसकी आईडी में यह रकम दिखाई देने लगी। इसके बाद शेयर खरीदने का निर्देश मिला और अगले दिन निवेश पर 10 प्रतिशत लाभ दिखाया गया। युवक ने दोबारा रकम जमा की। वेबसाइट से 1000 रुपए निकालने पर वह राशि उसके बैंक खाते में भी आ गई। इससे उसका भरोसा और बढ़ गया।
चरण बदलने के नाम पर बढ़ता गया निवेश : इसके बाद आरोपियों ने पांच से 10 प्रतिशत के बजाय 20 से 40 प्रतिशत तक मुनाफा दिलाने वाले दूसरे चरण में निवेश करने का लालच दिया। न्यूनतम एक लाख रुपए निवेश की बात कही गई। ग्रुप की सदस्य ने भी कथित तौर पर खुद 12 लाख रुपए निवेश कर 19 लाख रुपए होने और चार लाख रुपए निकालने की जानकारी देकर युवक को भरोसा दिलाया। इसके बाद युवक ने 22 से 24 जून के बीच अलग-अलग बैंक खातों में कई बार रकम ट्रांसफर की। आरोपियों ने बाद में तीसरे चरण और आईपीओ में निवेश के नाम पर भी रकम लगाने के लिए कहा। वेबसाइट पर आईपीओ से मुनाफा दिखाया गया। इस तरह युवक से उसके एचडीएफसी और इंडियन बैंक खातों से कुल 19 ट्रांजेक्शन में 10 लाख 28 हजार रुपए ट्रांसफर कराए गए। पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद व्हाट्सऐप ग्रुप के एडमिन,संबंधित सदस्यों और अन्य मोबाइल नंबर धारकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।


Share

Check Also

रामानुजनगर/सूरजपुर@ ग्राम सभा और शिक्षा को मजबूत करना आदिवासी अधिकारों की रक्षा का आधार : बीपीएस पोया

Share रामेश्वरम के अंबेडकर भवन में आदिवासी अधिकार दिवस मनाया गया,छात्र-छात्राओं को वितरित की गई …

Leave a Reply