66 मामलों में जब्त 138 किलो गांजा, हेरोइन,टैबलेट-कैप्सूल और सीरप शामिल
दुर्ग-भिलाई,08 अगस्त 2026। दुर्ग पुलिस ने अलग-अलग 66 मामलों में जब्त किए गए करीब 1.20 करोड़ रुपए के नशीले पदार्थों को नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई सभी जरूरी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति की निगरानी में की गई। पुलिस के मुताबिक,नष्ट किए गए नशीले पदार्थों में 138.196 किलो गांजा, 114.56 ग्राम हेरोइन, 1,758 नशीली टैबलेट, 2,772 नशीले कैप्सूल और 837 नशीली दवाओं के सीरप शामिल हैं।
नशीले पदार्थों को नष्ट करने के लिए भिलाई स्टील प्लांट के एसएमएस-03 प्लांट स्थित भस्मीकरण संयंत्र का इस्तेमाल किया गया। यहां तय प्रक्रिया और सुरक्षा नियमों के तहत गांजा और दूसरे नशीले पदार्थों को नष्ट किया गया। वहीं, जब्त किए गए 837 नशीले सीरप को नेवई थाना क्षेत्र के नेवईभाठा में निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्ट किया गया। पुलिस के अनुसार,यह पूरी कार्रवाई छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग और पुलिस मुख्यालय रायपुर के नारकोटिक्स सेल के निर्देश पर गठित जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति के समन्वय से की गई। नष्टीकरण के दौरान डीआईजी/एसएसपी विजय अग्रवाल,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर शोभराज अग्रवाल, नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर सत्यप्रकाश तिवारी और प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी अशोक अग्रवाल समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान सुरक्षा और पर्यावरण से जुड़े सभी जरूरी नियमों का पालन किया गया। पुलिस के मुताबिक, नष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया में पर्यावरण विभाग और संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति ली गई थी। निर्धारित सुरक्षा एवं पर्यावरणीय मानकों का पालन करते हुए जब्त सामग्री का सुरक्षित और विधिसम्मत निपटारा किया गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur