- विधायक रेणुका सिंह के सान्निध्य में जुटेगी श्रद्धालुओं की भीड़, वृंदावन के आचार्य विनय कान्त त्रिपाठी सुनाएंगे शिव महिमा
- सात दिन,सात उत्सव-हर दिन बनेगा पर्व
- 9 फरवरी कलश यात्रा: हजारों महिलाओं की सहभागिता से सोनहत की सड़कों पर केसरिया रंग बिखरेगा।
- शिव–पार्वती विवाह महोत्सव: पारंपरिक गीतों और झांकियों के साथ पूरा पंडाल बाराती बनेगा।
- ज्योतिर्लिंग महिमा दिवस: कथा के माध्यम से भारत के 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन का आध्यात्मिक अनुभव।
- हनुमान,गणेश और कार्तिकेय उत्सव: विशेष झांकियों के साथ जन्मोत्सव प्रसंगों की प्रस्तुति।

-राजन पाण्डेय-
कोरिया,08 फरवरी 2026(घटती-घटना)। वनांचल की पावन धरती सोनहत इन दिनों पूरी तरह शिवमय होने जा रही है, महादेव सेवा समिति के बैनर तले 09 फरवरी से 16 फरवरी 2026 तक आयोजित होने वाली ‘श्री शिव महापुराण कथा’ केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक चेतना का महाकुंभ बनने जा रही है, मिनी स्टेडियम ग्राउंड में होने वाले इस सात दिवसीय आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और श्रद्धालुओं के बड़ी संख्या में जुटने की संभावना जताई जा रही है।
आस्था और नेतृत्व का संगम
इस भव्य आयोजन की मुख्य संरक्षक भरतपुर-सोनहत विधायक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीमती रेणुका सिंह हैं। उनकी विशेष पहल और मार्गदर्शन में आयोजन समिति ने हजारों श्रद्धालुओं के लिए बैठने, सुरक्षा और जनसुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं, विधायक का मानना है कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में संस्कारों का संचार होता है और नई पीढ़ी अपनी संस्कृति से जुड़ती है। क्षेत्र में चर्चा है कि इस आयोजन से सोनहत एक बड़े आध्यात्मिक केंद्र के रूप में नई पहचान बना सकता है।
वृंदावन से आएगी दिव्य वाणी-
कथा के मुख्य वक्ता के रूप में श्रीधाम वृंदावन से पधार रहे आचार्य श्री विनय कान्त त्रिपाठी जी अपनी मधुर वाणी से शिवपुराण की गूढ़ कथाओं को सरल और जीवनोपयोगी तरीके से प्रस्तुत करेंगे, प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक चलने वाली कथा में आधुनिक साउंड सिस्टम और विशाल एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था की गई है, ताकि अंतिम पंक्ति में बैठा श्रद्धालु भी कथा का पूरा आनंद ले सके।
भंडारा और सेवा व्यवस्था
महादेव सेवा समिति ने प्रतिदिन रात्रि में प्रसाद वितरण और भंडारे की व्यवस्था की है। समापन दिवस 16 फरवरी को विशाल भंडारा आयोजित होगा, जिसमें कोरिया जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। पेयजल, चिकित्सा सुविधा और पार्किंग व्यवस्था के लिए स्वयंसेवकों की बड़ी टीम तैनात की गई है।
विधायक ने लिया तैयारियों का अंतिम जायजा
विधायक श्रीमती रेणुका सिंह ने आयोजन स्थल पहुंचकर कथा पंडाल, मंच, बैठक व्यवस्था और वीआईपी दीर्घा का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा, पेयजल और पार्किंग व्यवस्था को लेकर समिति को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कहा कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
इनका कहना है…

परम पूज्य आचार्य जी के श्रीमुख से शिव कथा का श्रवण करना सौभाग्य की बात है। मैं क्षेत्रवासियों से आग्रह करती हूँ कि इस आध्यात्मिक महोत्सव में शामिल होकर इसे ऐतिहासिक बनाएं।
श्रीमती रेणुका सिंह,
विधायक भरतपुर-सोनहत
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur