नई दिल्ली,19 नवम्बर 2026। प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को देश के उद्योग जगत से विकसित और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि अब समय यह तय करने का है कि भारतीय उद्योग अगले 20 वर्षों में क्या हासिल कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपने दीर्घकालिक निवेश निर्णय में भारत प्रथम को सोच का आधार बनाना होगा। देश के आत्मनिर्भर बनने पर व्यापार के नए अवसर खुलेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने आज उद्योग संघ फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) की वार्षिक आम बैठक और वार्षिक सम्मेलन का दिल्ली के भारत मंडप में उद्घाटन किया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने अपनी सरकार को दोस्त सरकार के तौर पर प्रस्तुत करते हुए उद्योग जगत से कहा कि वे सुधारों पर बिना झिझक अपनी राय प्रकट करें। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के अनुभव के कारण उद्योग जगत अपनी राय प्रकट करने में संकोच करता है। उन्होंने कहा…‘पुरानी सरकारों का उद्योग जगत का अनुभव इतना खट्टा है कि उसका खामियाजा मुझे भुगतना पड़ रहा है।
यह पुरानी सरकार नहीं है, यह दोस्त सरकार है। यह दोस्ती निभाना जानती है और आप मेरे सच्चे दोस्त हैं। इसलिए बिना संकोच, बिना झिझक,मुझे खुलकर लिखकर भेजिए कि अभी भी क्या सुधार जरूरी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उद्योग जगत को यह विचार करना चाहिए कि भारत में कौन-से ऐसे निर्माण घटक हैं जिनका भारत में ही निर्माण एवं उत्पादन संभव है। उन्होंने इस संदर्भ में फार्मा उद्योग का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि भारत को दुनिया में ‘फार्मेसी ऑफ द वर्ल्ड’ कहते हैं,इसके बावजूद भारत हर साल एपीआई,बल्क ड्रग्स और ड्रग्स इंटरमीडिएट्स का बिलियंस ऑफ डॉलर का इंपोर्ट करता है। उन्होंने कहा,‘ऐसी सैकड़ों कैटेगरी हैं, जिनमें हम आज इंपोर्ट पर निर्भर हैं। हमारी फार्मा इंडस्ट्री को समझना होगा कि ऐसे कौन-से इंग्रेडिएंट्स हैं, जिन्हें हम भारत में बना सकते हैं।
मेरी मत सुनो गांधीजी की तो सुनो : मोदी
मोदी ने कहा,‘गांधी जी स्वदेशी अपनाने का संदेश दे गए। एक सदी बीत जाने के बाद भी यह संदेश आज भी प्रासंगिक है। आखिर उद्योग जगत को आज भी स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का महत्व क्यों याद दिलाना पड़ रहा है। सोचिए,100 साल बीत चुके हैं। इतने साल बाद आज मुझे भी वही बात दोहरानी पड़ रही है। क्या यह आपकी सफलता है या विफलता मेरी बात मत मानिए,कम से कम गांधीजी की तो मानिए भाई।’
140 करोड़ भारतीयों को हल्के में न लें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वे 140 करोड़ भारतीयों को हल्के में न लें। उन्हें अपना पक्का ग्राहक न मानें। उन्होंने कहा कि कंपनियों यह सोचने के बजाय कि वे उत्पाद बनाएंगी,उसे भारतीय बाजार में खरीदार मिल ही जाएंगे। कंपनियां ये सोचें कि उनके प्रोडक्ट की गुणवत्ता क्या है और ये प्रोडक्ट अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप हैं,या नहीं।
प्रोडक्ट अच्छा हो,इसलिए हम एक्सपोर्ट क्वालिटी देखते हैं
पीएम ने कहा…‘आप कस्टमर्स से कहते हैं, अरे लीजिए एक्सपोर्ट क्वालिटी है। आप देश के लोगों को क्या समझते हो भाई? क्या वो अच्छी क्वालिटी का हकदार नहीं है क्या? आज भी आपको ग्राहक को कहना पड़ता है कि एक्सपोर्ट क्वालिटी है। उसको भी लगता है,उन लोगों के लिए होगी तो अच्छी होगी। इस सोच को बदलना होगा। मेरे देशवासी क्वालिटी के हकदार हैं।’
10 साल में देश के लिए
क्या करेंगे,ये सोचें
प्रधानमंत्री ने कहा कि हमें 100 साल का इंतजार करने के बजाय यह सोचना चाहिए कि अगले 10 साल में देश के विकास के लिए क्या योगदान दे सकते हैं। मोदी ने कहा कि कारोबारी बिना झिझक अपनी समस्याएं और सुधारों से जुड़े सुझाव दें। सरकार उनके साथ खड़ी है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur