लखनपुर और गांधीनगर क्षेत्र में अलग-अलग घटनाएं,एक की हालत गंभीर
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,12 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले में रविवार दोपहर दो अलग-अलग सडक हादसों में 3 युवकों की मौत हो गई,जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। पहली घटना लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जमगला स्थित राइस मिल के पास दोपहर करीब 2.30 बजे हुई। दरिमा क्षेत्र के ग्राम छिंदकालो निवासी आदित्य, बाबूलाल और अमन एक ही बाइक पर सवार होकर लौट रहे थे। तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित होकर सडक किनारे बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि आदित्य और बाबूलाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमन गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के दौरान वहां से गुजर रहे भाजपा लखनपुर मंडल अध्यक्ष दिनेश बारी ने घायलों को देखा और तत्काल पुलिस व डॉक्टरों को सूचना दी। उनकी मदद से घायल को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
स्कॉर्पियो की टक्कर से युवक की मौत : दूसरी घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र के अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर चठिरमा फॉरेस्ट बैरियर के पास हुई। सूरजपुर जिले के बिहारपुर निवासी पंकज सिंह अपने दो साथियों के साथ बाइक से अंबिकापुर आ रहा था। इसी दौरान ट्रक को ओवरटेक करते समय सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में पंकज सिंह की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि उसके दोनों साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक ने कुछ दूरी तक घायलों को वाहन में ले जाकर बाद में ऑटो में बैठा दिया और मौके से फरार हो गया। ऑटो चालक ने घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur