सरगुजा संभाग से इस वर्ष 90 जायरीन जाएंगे हज,सरकार कर रही विशेष व्यवस्था
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,12 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी की ओर से हज यात्रा पर जाने वाले जायरीनों के लिए अंबिकापुर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर प्रदेश के पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल शामिल हुए और जायरीनों से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। मंत्री ने कहा कि हज यात्रा हर मुस्लिम भाई-बहन के जीवन का सबसे पवित्र और खुशनसीब अवसर होता है। उन्होंने बताया कि सरगुजा संभाग से इस वर्ष करीब 90 जायरीन हज यात्रा पर जा रहे हैं और राज्य सरकार उनकी सुविधा के लिए हर संभव इंतजाम कर रही है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में हज कमेटी के सदस्यों द्वारा जायरीनों को यात्रा से जुड़ी जरूरी जानकारी और प्रशिक्षण दिया गया। इसमें विदेश यात्रा के नियम,स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां और अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश शामिल हैं। हज कमेटी के अध्यक्ष ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से हज यात्रा की प्रक्रिया पहले की तुलना में काफी सरल हुई है। पहले जहां छत्तीसगढ़ से करीब 500 लोग हज पर जाते थे, अब यह संख्या बढकर 900 से अधिक हो गई है। उन्होंने कहा कि अब लगभग 90 प्रतिशत आवेदन ऑनलाइन हो रहे हैं,जिससे स्वीकृति प्रक्रिया भी तेज हो गई है। कार्यक्रम में प्रमोद मिंज सहित हज कमेटी के अन्य सदस्य और बड़ी संख्या में जायरीन व स्थानीय लोग मौजूद रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur