-संवाददाता-
अम्बिकापुर,20 जनवरी 2026 (घटती-घटना)। उत्तर छत्तीसगढ़ में दिसंबर-जनवरी को तीव्र शीत ऋतु के रूप में जाना जाता है, लेकिन इस वर्ष ठंड ने नए रिकॉर्ड बना दिए हैं। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान के लगातार 49 दिनों तक 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने का अब तक का सबसे लंबा सिलसिला दर्ज किया गया है। मौसम वैज्ञानिक एएम भट्ट के अनुसार आमतौर पर इस क्षेत्र में न्यूनतम तापमान कुछ दिनों के लिए 10 डिग्री से नीचे जाता है और कभी-कभी अल्प अवधि में यह 5 डिग्री सेल्सियस से भी कम हो जाता है। इससे कई स्थानों पर पाला पडऩे और जलकण जमने की घटनाएं देखी जाती हैं। अंबिकापुर की तुलना में आसपास के पठारी और पहाड़ी क्षेत्रों का न्यूनतम तापमान प्रायः 2 से 3 डिग्री कम रहता है। 13 जनवरी 1989 को अंबिकापुर में रिकॉर्ड 0.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। माना जाता है कि उस समय पठारी क्षेत्रों में तापमान शून्य से नीचे चला गया होगा। वर्ष 2025-26 में अब तक 7 जनवरी को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उसी दौरान आसपास के पठारी क्षेत्रों में बर्फ की मोटी परतें जमी पाई गईं, जो इस बात का संकेत है कि वहां तापमान शून्य डिग्री के आसपास पहुंच गया था। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार किसी क्षेत्र में यदि न्यूनतम तापमान लगातार कई दिनों तक 10 डिग्री से नीचे बना रहे,तो उसे कड़ाके की ठंड माना जाता है। इस वर्ष यह स्थिति लंबी अवधि तक बनी रही, जिससे जनजीवन, स्वास्थ्य और दिनचर्या पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा।1975-76 में 47 दिन, 1970-71 में 46 दिन था वहीं 2 दिसंबर 2025 से 19 जनवरी 2026 तक यह अवधि बढकर 49 दिन हो गई,जो नया रिकॉर्ड है। मंगलवार को अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो बीते 57 वर्षों में 19 जनवरी के दिन का सर्वाधिक तापमान बताया जा रहा है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur