रायबरेली,20 जनवरी 2026। अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली दौरे पर आए नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को मनरेगा के स्थान पर वीबी-जी-राम-जी कानून लाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जमकर प्रहार किये। राहुल गांधी ने इस कानून को गरीबों के खिलाफ बताते हुए कहा कि मोदी सरकार गरीबों के बजाय नौकरशाहों को प्राथमिकता दे रही है और सत्ता को केंद्रीकृत करना चाह रही है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी यहां पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार के विकसित भारत-जी राम जी कानून 2025 (वीबी जी राम जी विधेयक) के विरोध में कांग्रेस देशभर में मनरेगा बचाओ अभियान चला रही है। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर आरोप लगाते हुए कहा कि मनरेगा का मकसद बेरोजगार ग्रामीणों को पैसे कमाने का जरिया देना था, लेकिन प्रधानमंत्री ऐसा नहीं चाहते। वे सत्ता को केंद्रीकृत करना चाहते हैं और इसे नौकरशाही को सौंपना चाहते हैं। वह गरीबों को भूखा मरने के लिए छोड़ना चाहते हैं। एक्ट में सुधार के नाम पर गरीबों का सुरक्षा कवच हटाया गया है। उन्होंने एक्ट से महात्मा गांधी के नाम को हटाने की भी निंदा की। राहुल गांधी के दौरे में सबसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम ऊंचाहार के उमरन में आयोजित मनरेगा चौपाल रही। उन्होंने मनरेगा चौपाल को संबोधित करते कहा कि हमारी कांग्रेस की तीन टर्म की सरकार में मनरेगा का जो विचार था, उसमें पंचायतों को जिम्मेदारी देने की बात थी। उनको आर्थिक जिम्मेदारी दी जाए। दूसरा लक्ष्य था कि हिंदुस्तान के गरीब लोगों के लिए तय मजदूरी देय हो ताकि किसी को भी कहीं से भी कम मजदूरी न मिले। प्रधानमंत्री मोदी को घेरते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि मोदी सत्ता की पूरी ताकत को अपने पास रखना चाहते हैं; वह सत्ता नौकरशाहों को देना चाहते हैं। यह बड़ी बात नहीं कि मनरेगा का नाम बदला गया है, लेकिन नाम बदल कर गांधीजी का अपमान जरूर किया गया है। उससे बड़ी बात है कि जो गरीब जनता है,उससे संरक्षण हटा दिया गया है। राहुल गांधी ने कहा कि हमारी कांग्रेस की सरकार की सोच की जड़ को काटा गया है। इसलिए कांग्रेस पूरे देश में मनरेगा को बचाने के लिए संघर्ष कर रही है।
राहुल बोले…नरेंद्र मोदी चाहते हैं कि मनरेगा योजना खत्म हो…
राहुल ने कहा- नरेंद्र मोदी चाहते हैं कि मनरेगा योजना खत्म हो जाए, ताकि जो पैसा बहनों और मजदूरों को जाता है, वह सीधे अंबानी, अडाणी और बड़े-बड़े उद्योगपतियों के पास चला जाए। सामने से तो यह नहीं कर सकते, इसलिए धीरे-धीरे मनरेगा का गला घोंटा जा रहा है। राहुल गांधी ने कहा कि अब सरकार ने तय किया है कि मनरेगा सिर्फ केंद्र सरकार की जिम्मेदारी नहीं होगी, बल्कि राज्य सरकारों को भी 40′ हिस्सा देना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि आप देखना, भाजपा शासित राज्यों में से एक भी राज्य यह 40′ हिस्सा नहीं देगा।उन्होंने कहा कि मनरेगा पंचायतों और प्रधानों का कार्यक्रम था, लेकिन अब इसे अफसरों के जरिए चलाना चाहते हैं। इससे समय पर पैसा नहीं मिलेगा। राहुल गांधी ने कहा कि मैं गारंटी से कह रहा हूं कि जिस योजना ने आपकी रक्षा की है, उसे भाजपा खत्म करने जा रही है। उन्होंने कहा कि नाम बदलकर गांधी जी का अपमान किया गया। कांग्रेस पार्टी पूरे देश में इस तरह की बैठकें कर रही है, क्योंकि हम नहीं चाहते कि यह योजना बंद हो। अगर ऐसा हुआ तो सबसे ज्यादा नुकसान देश के गरीब मजदूरों को होगा। हम इस योजना को बंद नहीं होने देंगे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur