फिटनेस फेल और परमिट उल्लंघन बना हादसे की वजह
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,19 जनवरी 2026 (घटती-घटना)। झारखंड सीमा क्षेत्र के महुआडांड़ थाना अंतर्गत ओरसा घाट पर रविवार को हुए भीषण बस हादसे में मृतकों की संख्या बढकर 12 हो गई है। दुर्घटनाग्रस्त बस बलरामपुर जिले के ज्ञान गंगा स्कूल की बताई जा रही है,जिसे स्कूल बस के परमिट पर बुकिंग में यात्रियों को ढोने के लिए उपयोग किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि बस का फिटनेस भी फेल था। हादसे में 80 से अधिक लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल 26 लोगों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि एक वृद्ध की अंबिकापुर मिशन अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। अन्य घायलों का इलाज रांची,गुमला और महुआडांड़ के अस्पतालों में जारी है। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या और बढऩे की आशंका है। जानकारी के अनुसार, ज्ञान गंगा स्कूल की 52 सीटर बस को 18 जनवरी को बलरामपुर जिले के ग्राम झपरा से झारखंड के लोधफॉल (महुआडांड़ थाना क्षेत्र) में आयोजित तिलक कार्यक्रम के लिए बुक किया गया था। बस में 90 से अधिक यात्री सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। बस मालिक का बेटा ही वाहन चला रहा था। लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र स्थित ओरसा घाट के पास बस का ब्रेक फेल हो गया,जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा। बस सेफ्टी गार्ड तोड़ते हुए करीब 20 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक रूप से 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि 87 लोग घायल हुए थे। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, महुआडांड़ और सामरी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को महुआडांड़ अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान मृतकों की संख्या बढकर 12 हो गई है। मृतकों में शामिल हैं शांति देवी, प्रेमा देवी, सीता देवी, सोनामति देवी,सुखना भुइयां,विजय भुइयां,विकास कुमार,परसू सोनवानी,रमेश मनिका,फगुआ राम सहित दो अन्य। अंबिकापुर मिशन अस्पताल में 66 वर्षीय परसू सोनवानी (निवासी बलरामपुर) की मौत हो गई। वे अपनी नातिन के तिलक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई थी और बाएं हाथ की हथेली कटकर अलग हो गई थी। महुआडांड़ से रेफर किए जाने पर उन्हें अंबिकापुर लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घायलों को पहले महुआडांड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर मरीजों को रांची और गुमला रेफर किया गया। देर रात 25 घायलों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती किया गया, जिनमें से 4-5 मरीज आईसीयू में हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur