
मनेंद्रगढ़ में पदभार ग्रहण समारोह संपन्न, कांग्रेस नेताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का लिया संकल्प
मनेंद्रगढ़,18 जनवरी 2026 (घटती-घटना)। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जिले के नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों के सम्मान एवं पदभार ग्रहण समारोह का आयोजन जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया,कार्यक्रम में कांग्रेस संगठन के वरिष्ठ नेताओं,जनप्रतिनिधियों,विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया,समारोह का मुख्य उद्देश्य संगठनात्मक एकजुटता को मजबूत करना,नए नेतृत्व को औपचारिक रूप से दायित्व सौंपना तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करना रहा।
ब्लॉक अध्यक्ष संगठन की रीढ़: गुलाब कमरों
समारोह की अध्यक्षता कर रहे पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने अपने संबोधन में कहा कि ब्लॉक अध्यक्ष संगठन की रीढ़ होते हैं,जमीनी स्तर पर कांग्रेस को मजबूती देने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर होती है, उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से किसानों, आदिवासियों,मजदूरों, युवाओं और महिलाओं के अधिकारों की आवाज रही है। नए ब्लॉक अध्यक्षों को गांव-गांव जाकर जनता से संवाद स्थापित करना होगा।
नए नेतृत्व से संगठन होगा और अधिक मजबूत: अशोक श्रीवास्तव
जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने सभी नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों को बधाई देते हुए कहा कि कांग्रेस संगठन को आज नए जोश, नई सोच और मजबूत जमीनी नेतृत्व की आवश्यकता है,नए ब्लॉक अध्यक्ष संगठन को बूथ स्तर तक मजबूती प्रदान करेंगे, उन्होंने कहा कि युवाओं,महिलाओं,किसानों एवं आदिवासी समाज से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए जनता के बीच कांग्रेस की नीतियों को प्रभावी रूप से पहुंचाया जाएगा।
ब्लॉक स्तर की मजबूती से ही बनेगी सरकार : राजेश साहू
जिला पंचायत सदस्य राजेश साहू ने कहा कि ब्लॉक स्तर पर सशक्त संगठन ही कांग्रेस की असली ताकत है,जब तक कार्यकर्ता सक्रिय नहीं होंगे, तब तक पार्टी जनआंदोलन खड़ा नहीं कर सकती,उन्होंने नवनियुक्त अध्यक्षों से जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने का आह्वान किया।
कांग्रेस की पहचान सामाजिक न्याय : प्रभा पटेल
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रभा पटेल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सामाजिक न्याय,समानता और संविधान की रक्षा की विचारधारा पर चलने वाली पार्टी है, यह सम्मान समारोह संगठन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेगा,पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार केसरवानी ने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की एकजुटता में निहित है और सभी ब्लॉक अध्यक्षों को मिलकर पार्टी को नई ऊंचाई तक ले जाना होगा।
जनता के मुद्दों पर आक्रामक भूमिका जरूरी : कृष्ण मुरारी तिवारी
पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी ने कहा कि वर्तमान समय में जनता महंगाई,बेरोजगारी और मूलभूत सुविधाओं की कमी से जूझ रही है, कांग्रेस को इन मुद्दों पर सड़क से सदन तक संघर्ष करना होगा।
नवनियुक्त अध्यक्षों ने जताया आभार
समारोह के अंत में सभी नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों ने संगठन नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएंगे,संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करेंगे, जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाएंगे,ईमानदारी व समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
प्रमुख रूप से रहे उपस्थित
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिला अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, पूर्व विधायक गुलाब कमरों, नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल,जिला पंचायत सदस्य राजेश साहू, महिला कांग्रेस शहरी जिलाध्यक्ष रूमा चटर्जी,महिला कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष निर्मला चतुर्वेदी,युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष हाफिज मेमन,किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष उपेंद्र द्विवेदी,आदिवासी कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमोल सिंह मरावी,यूथ कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष मोती सिंह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार केसरवानी,पूर्व जनपद सदस्य रफीक मेमन,पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष विष्णुदास, सांसद प्रतिनिधि ओमप्रकाश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
एकजुटता के संकल्प के साथ समारोह संपन्न
समारोह का समापन संगठन को मजबूत करने,आगामी चुनावी तैयारियों को तेज करने तथा जनता के हित में संघर्ष को और धार देने के संकल्प के साथ किया गया।
नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों का सम्मान कार्यक्रम के दौरान जिले के छह ब्लॉक अध्यक्षों को पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया
मनेंद्रगढ़ शहरी-सौरव मिश्रा
मनेंद्रगढ़ ग्रामीण-रामनरेश पटेल
चिरमिरी-शिवांश जैन
खड़गवां-युधिष्ठिर सिंह
जनकपुर-अंकुर प्रताप सिंह
कोटाडोल-रामू सिंह
उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को उनके नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए संगठन हित में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा व्यक्त की।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur