20 वर्षों बाद गेल्हापानी को मिली स्वास्थ्य सुविधा,अस्थाई स्वास्थ्य केंद्र से जगी नई उम्मीद
चिरमिरी,16 जनवरी 2026 (घटती-घटना)। एमसीबी जिले के गेल्हापानी क्षेत्र के लिए यह दिन ऐतिहासिक बन गया, जब करीब 20 वर्षों की लंबी प्रतीक्षा के बाद क्षेत्रवासियों को अस्थाई स्वास्थ्य केंद्र की सौगात मिली। यह सुविधा मनेन्द्रगढ़ विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की संवेदनशील पहल और स्थानीय जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं के सतत प्रयासों से संभव हो सकी है, अब गेल्हापानी में सप्ताह में दो दिन डॉक्टर, नर्स और आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था शुरू कर दी गई है, फिलहाल यह अस्थाई स्वास्थ्य सेवा स्थानीय सामुदायिक भवन में संचालित की जा रही है, जहां नियमित रूप से मरीजों का प्राथमिक उपचार किया जाएगा।
स्थानीय सहभागिता से संभव हुआ कार्य
गेल्हापानी में अस्थाई स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना में भाजपा पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों की भी अहम भूमिका रही,इस प्रयास में भाजपा चिरमिरी मंडल अध्यक्ष पुरुषोत्तम सोनकर,मालती काशीपुरी,हसीना बेगम, रोशनी श्रीवास्तव,ओमप्रकाश अग्रवाल,रूपमती,बाबूलाल,अजय सिंह,दिलीप कुजूर,सुरेश पोखरियाल,श्रीमती दीपा जायसवाल (पार्षद),अमित जायसवाल सहित अन्य कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।
ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती
कुल मिलाकर, गेल्हापानी में अस्थाई स्वास्थ्य केंद्र की शुरुआत से न केवल क्षेत्रवासियों को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधा मिलेगी,बल्कि यह पहल ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखी जा रही है।
वर्षों की पीड़ा से मिली राहत
उप स्वास्थ्य केंद्र के शुभारंभ के साथ ही क्षेत्र के लोगों में खुशी और राहत का माहौल देखने को मिला,अब तक इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों और शहरों का रुख करने को मजबूर ग्रामीणों को अपने ही क्षेत्र में चिकित्सा सुविधा मिलने लगी है,इससे न केवल समय और खर्च की बचत होगी,बल्कि आपात स्थिति में त्वरित उपचार भी संभव हो सकेगा।
डॉक्टरों का हुआ आत्मीय स्वागत
अस्थाई स्वास्थ्य केंद्र के शुभारंभ अवसर पर स्थानीय नागरिकों ने उपस्थित डॉक्टरों का फूलों के गुलदस्ते से स्वागत किया और कुमकुम लगाकर सम्मान किया। इस दौरान ग्रामीणों के चेहरों पर संतोष, भरोसा और भविष्य को लेकर उम्मीद साफ नजर आई।
पुरानी मांग हुई पूरी – बीएमओ
विकासखंड के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष सिंह ने बताया कि यह व्यवस्था स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के विशेष प्रयासों से संभव हो पाई है, उन्होंने कहा कि गेल्हापानी में डॉक्टर और दवाइयों की सुविधा लंबे समय से क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांग थी,जिसे अब पूरा किया गया है, यहां सामान्य बीमारियों का उपचार स्थानीय स्तर पर किया जाएगा,जबकि गंभीर रोगियों को तत्काल जिला अस्पताल रेफर किया जाएगा,ताकि उन्हें समुचित चिकित्सकीय सुविधा मिल सके।
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार का उदाहरण
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, स्वास्थ्य मंत्री के नेतृत्व में हर क्षेत्र और कॉलरी तक चिकित्सा सुविधा पहुंचाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। चिरमिरी क्षेत्र की कॉलरियों में अस्पतालों और डॉक्टरों की उपलब्धता इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है। लोगों ने इस पहल के लिए स्वास्थ्य मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur