एक दिन पहले मारा गया था कुख्यात हिडमा,डोंगरगढ़ में जवान शहीद
जगदलपुर,19 नवम्बर 2025। आंध्र प्रदेश के मारेडुमिल्ली क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बुधवार सुबह सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच लगातार दूसरे दिन मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में सात नक्सली मारे गए, जिनमें तीन महिला माओवादी भी शामिल हैं। इससे एक दिन पहले इसी इलाके में छह नक्सली ढेर किए गए थे,जिनमें शीर्ष माओवादी कमांडर मादवी हिडमा भी शामिल था। एडीजी (इंटेलिजेंस) महेश चंद्र लड्ढा ने बताया कि अभियान लगातार जारी है और बुधवार सुबह तक सात नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। यह मुठभेड़ मंगलवार को हुए पहले एनकाउंटर स्थल से करीब सात किलोमीटर दूर हुई।
सुबह 7 बजे शुरू हुई मुठभेड़
अधिकारियों के अनुसार, सुबह लगभग 7 बजे सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में छिपे नक्सलियों को घेरते हुए कार्रवाई शुरू की। मुठभेड़ के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन को और तेज कर दिया गया है। मारे गए नक्सलियों में एक की पहचान मेटुरी जोखा राव उर्फ टेक शंकर के रूप में हुई है।
हथियार निर्माण में विशेषज्ञ था जोखा राव : जोखा राव नक्सली संगठन की केंद्रीय समिति से जुड़ा था और आंध्र-ओडिशा सीमा क्षेत्र में सक्रिय रहता था। वह नक्सली अभियानों का विशेषज्ञ माना जाता था। अधिकारियों के अनुसार, शंकर हथियार बनाने, तकनीकी नेटवर्क तैयार करने और संचार प्रणाली संचालित करने में माहिर था।
दो दशकों से नक्सल गतिविधियों में सक्रिय : श्रीकाकुलम निवासी जोखा राव लगभग 20 वर्षों से नक्सल गतिविधियों में शामिल था। सुरक्षा बलों की बढ़ती कार्रवाई के चलते उसका मूवमेंट सीमित हो गया था, लेकिन हाल ही में वह दक्षिण भारत में संगठन को पुनर्जीवित करने की कोशिशों में फिर से सक्रिय हुआ था। मंगलवार को मारे गए छह नक्सलियों में पीएलजी बटालियन-1 के प्रमुख मादवी हिडमा भी शामिल था। सुरक्षा एजेंसियों ने इसे नक्सल आंदोलन के खिलाफ निर्णायक प्रहार बताया था। हिडमा बीते दो दशकों में हुए कई बड़े हमलों का मास्टरमाइंड माना जाता है।
क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी
अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अन्य नक्सली समूहों की मौजूदगी की आशंका है। इसी को ध्यान में रखते हुए मारेडुमिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान और तेज किया जा रहा है, ताकि संगठन की किसी भी संभावित पुनर्गठन कोशिश को रोका जा सके।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur