ग्राहकों से नकद और ऑनलाइन माध्यम से वसूली रकम कंपनी में जमा करने के बजाय निजी काम में की खर्च,न वाहन दिया और न लौटाए पैसे
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,19 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। महिंद्रा थ्री व्हीलर डीलरशिप में ग्राहकों से तीन लाख रुपये लेकर कंपनी के खाते में जमा करने के बजाय निजी उपयोग में खर्च करने वाले असिस्टेंट मैनेजर को गांधीनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने तीन ग्राहकों से नकद एवं ऑनलाइन माध्यम से रकम प्राप्त की थी,लेकिन न तो ग्राहकों को वाहन उपलब्ध कराया और न ही उनकी रकम वापस की। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच कर आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार स्टार ऑटोमोबाइल्स, मनेन्द्रगढ़ रोड गांधीनगर के मैनेजर गुलफेर अहमद ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि संस्थान में महिंद्रा थ्री व्हीलर डीलरशिप का असिस्टेंट मैनेजर सतीश कुमार देवांगन ग्राहकों से वाहन उपलब्ध कराने के नाम पर कंपनी के निर्धारित नियमों के विपरीत राशि प्राप्त कर रहा था। आरोपी ने तीन ग्राहकों से कुल तीन लाख रुपये नकद और अपने निजी बैंक खाते में ऑनलाइन माध्यम से लिए। इसके बाद रकम कंपनी के खाते में जमा करने के बजाय अपने निजी कार्यों में खर्च कर दी। ग्राहकों को न तो वाहन मिला और न ही उनकी रकम वापस की गई। शिकायत पर गांधीनगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 664/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान प्रार्थी एवं गवाहों के बयान दर्ज करने और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस टीम ने आरोपी के निवास पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ एवं जांच में आरोपी की पहचान सतीश कुमार देवांगन (39 वर्ष),पिता दुधेलाल देवांगन,निवासी रामपुर मिठ्ठीकला,थाना मणीपुर, अंबिकापुर के रूप में हुई। अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur