-संवाददाता-
अम्बिकापुर 19 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। अपनी लंबित मांगों और समस्याओं का निराकरण नहीं होने से नाराज आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं ने गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान करीब 700 से 800 की संख्या में कार्यकर्ता और सहायिकाएं जुटीं। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय,महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े तथा विभागीय सचिव के नाम कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर मांगों का जल्द निराकरण करने की मांग की। छत्तीसगढ़ जुझारू आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका संगठन के बैनर तले सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं लगातार अपनी समस्याओं एवं लंबित मांगों को लेकर शासन को ज्ञापन देती आ रही हैं, लेकिन अब तक मांगों पर कोई ठोस पहल नहीं हुई है। इससे नाराज होकर संगठन ने चरणबद्ध आंदोलन करने का निर्णय लिया है। ज्ञापन के अनुसार, आंदोलन के पहले चरण में 17 से 19 नवंबर तक तीन दिवसीय जिला स्तरीय ध्यानाकर्षण धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। इसके बाद दूसरे चरण में 11 और 12 दिसंबर को दो दिवसीय प्रांतीय महापड़ाव आयोजित किया जाएगा। संगठन ने चेतावनी दी है कि इसके बाद भी मांगों का जल्द निराकरण नहीं किया गया तो प्रदेशभर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होंगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur