Breaking News

अम्बिकापुर@संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय में राजभवन का बड़ा फैसला,डॉ. शारदा प्रसाद त्रिपाठी की कुलसचिव पद से छुट्टी

Share


कुलपति-कुलसचिव के बीच लंबे समय से चल रही प्रशासनिक खींचतान के बीच कार्रवाई,उप कुलसचिव प्रवीण कुमार अग्रवाल को मिली जिम्मेदारी
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,19 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)।
संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय में आखिरकार प्रशासनिक बदलाव हो गया। लंबे समय से विवादों में चल रहे कुलसचिव डॉ. शारदा प्रसाद त्रिपाठी को राजभवन के आदेश के बाद पद से हटा दिया गया है। उनके स्थान पर उप कुलसचिव प्रवीण कुमार अग्रवाल को कुलसचिव का प्रभार सौंपा गया है। इस फैसले को विश्वविद्यालय में लंबे समय से जारी प्रशासनिक असहजता के बीच एक बड़े घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है। विश्वविद्यालय में कुलपति और कुलसचिव के बीच लंबे समय से मतभेद और प्रशासनिक खींचतान की स्थिति बनी हुई थी। विवाद के दौरान कुलसचिव की योग्यता को लेकर भी सवाल उठाए गए थे। मामला लगातार चर्चा में रहने के बीच राजभवन के स्तर से हस्तक्षेप हुआ और डॉ. त्रिपाठी को कुलसचिव के पद से हटाने का आदेश जारी किया गया।
प्रशासनिक जिम्मेदारी अब प्रवीण अग्रवाल के पास : राजभवन के आदेश के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने उप कुलसचिव प्रवीण कुमार अग्रवाल को कुलसचिव का प्रभार सौंपा है। उनके सामने अब विश्वविद्यालय की प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारू बनाने और लंबित कार्यों को गति देने की चुनौती होगी।
विवाद से बाहर निकल पाएगा विश्वविद्यालय? विश्वविद्यालय में शीर्ष प्रशासनिक पदों को लेकर लंबे समय से चल रही खींचतान ने संस्थान की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। विद्यार्थियों के शैक्षणिक हित, परीक्षा व्यवस्था, प्रशासनिक निर्णय और विश्वविद्यालय का सुचारू संचालन ऐसे विषय हैं, जिन पर इस विवाद का असर नहीं पड़ना चाहिए। अब कुलसचिव पद पर हुए बदलाव के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या विश्वविद्यालय प्रशासनिक विवादों से बाहर निकलकर शिक्षा और विद्यार्थियों से जुड़े मूल कार्यों पर ध्यान केंद्रित कर पाएगा? फिलहाल राजभवन के इस फैसले के बाद विश्वविद्यालय में आगे होने वाले घटनाक्रम पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@चेक बाउंस के मामलों के निराकरण के लिए 21 नवंबर को विशेष लोक अदालत,आपसी समझौते से मिलेगा त्वरित समाधान

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,19 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। चेक बाउंस से जुड़े लंबित न्यायालयीन मामलों के त्वरित निराकरण …

Leave a Reply