Breaking News
filter: 0; jpegRotation: 0; fileterIntensity: 0.000000; filterMask: 0;

अम्बिकापुर @स्टाफ नर्स हड़ताल : आपातकालीन सेवाओं पर भी बढ़ा दबाव

Share


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,19 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)।
ग्रेड पे वेतनमान बढ़ाने की मांग को लेकर नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के बैनर तले मेडिकल कॉलेज अस्पताल सहित प्रदेशभर के स्टाफ नर्स 18 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। हड़ताल के दूसरे दिन गुरुवार को मेडिकल कॉलेज अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं पर आंशिक असर देखने को मिला। 120 से अधिक स्टाफ नर्सों के एक साथ हड़ताल पर चले जाने से अस्पताल की व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है। फिलहाल सीनियर नर्सों और नर्सिंग के छात्र-छात्राओं के सहारे किसी तरह कामकाज संचालित किया जा रहा है। नर्सों के हड़ताल पर जाने से मरीजों की परेशानी बढऩे के साथ ही आपातकालीन चिकित्सा और ऑपरेशन जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं के प्रभावित होने का खतरा भी बढ़ गया है। हालांकि अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि मरीजों को परेशानी न हो,इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। वहीं आंदोलनकारी नर्सों का कहना है कि वे नहीं चाहतीं कि उनकी हड़ताल से मरीजों का इलाज प्रभावित हो, लेकिन लंबे समय से मांग उठाने के बावजूद सरकार उनकी सुध नहीं ले रही है। उन्होंने चेतावनी दी है कि आंदोलन के दौरान मरीजों के साथ किसी तरह की अनहोनी होती है तो इसकी जिम्मेदारी मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री की होगी।
14 साल से ग्रेड पे बढ़ाने की मांग : एसोसिएशन के पदाधिकारियों के अनुसार चिकित्सा शिक्षा विभाग को छोडकर राज्य के चिकित्सक संवर्ग और अन्य पैरामेडिकल कर्मचारियों को छठवें वेतन आयोग के अनुरूप केंद्रीय वेतनमान का लाभ मिल रहा है। वर्ष 2012 में चिकित्सा शिक्षा विभाग के गठन के बाद से नर्सिंग संवर्ग को इससे वंचित रखा गया है। नर्सिंग कर्मचारी पिछले 14 वर्षों से ग्रेड पे बढ़ाने की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं।
2800 से बढ़ाकर 4800 ग्रेड पे करने की मांग : एसोसिएशन की प्रमुख मांग है कि चार वर्षीय डिग्री कोर्स के बाद भी नर्सिंग संवर्ग को मिल रहे 2800 ग्रेड पे को बढ़ाकर 4800 किया जाए। यदि 4800 ग्रेड पे देना संभव नहीं है तो पूर्व में तैयार 4400 ग्रेड पे का प्रस्ताव ही स्वीकृत किया जाए।
संघ की अध्यक्ष मालती सिंह और उपाध्यक्ष प्रज्ञा सिंह ने बताया कि 25 सितंबर को ही मांगें पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की सूचना दे दी गई थी। इसके बाद 16 नवंबर को पुनः इसकी जानकारी दी गई। प्रांतीय निर्णय के अनुसार 18 नवंबर से कर्मचारी सेवा से अलग होकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। उन्होंने बताया कि तीन दिन तक अस्पताल परिसर में आंदोलन करने के बाद नर्सिंग कर्मचारी रायपुर जाएंगे और मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री का घेराव करेंगे।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@चेक बाउंस के मामलों के निराकरण के लिए 21 नवंबर को विशेष लोक अदालत,आपसी समझौते से मिलेगा त्वरित समाधान

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,19 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। चेक बाउंस से जुड़े लंबित न्यायालयीन मामलों के त्वरित निराकरण …

Leave a Reply