नई दिल्ली,19 नवम्बर २०२६। केंद्रीय संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने अमेरिका में दिए गए राहुल गांधी के बयानों को लेकर उन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आमतौर पर राहुल गांधी के बयानों पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत नहीं होती, लेकिन जब देश का नेता प्रतिपक्ष विदेश जाकर भारत के बारे में तथ्यहीन और गलत बातें करता है, तो आपत्ति दर्ज कराना जरूरी हो जाता है। राहुल गांधी अमेरिका और दूसरे देशों में जाकर भारतीय अर्थव्यवस्था के ध्वस्त होने की बात करते हैं, जबकि पूरी दुनिया भारत को सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था के रूप में स्वीकार कर रही है। रिजिजू ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि आईएमएफ और विश्व बैंक जैसी अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थाएं भी भारत की आर्थिक प्रगति को स्वीकार कर रही हैं। इन संस्थाओं का कहना है कि भारत इस समय दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है। ऐसे में राहुल गांधी का भारतीय अर्थव्यवस्था को मृत बताना समझ से परे है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को अपनी कार्यशैली में सुधार करना चाहिए और देश की उपलब्धियों को कमतर दिखाने से बचना चाहिए। राहुल गांधी के भारत में लोकतंत्र और वोट चोरी के आरोपों पर पलटवार करते हुए रिजिजू ने कहा कि यदि देश में लोकतंत्र नहीं होता तो राहुल गांधी पूरे दिन विरोध प्रदर्शन कैसे कर पाते और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा तथा सरकार के खिलाफ लगातार बयानबाजी कैसे कर पाते?
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur