- मिसब्रांडेड का बहाना या सिस्टम का खेल? दवा नहीं फेल फिर क्यों रुकी सप्लाई,हाईकोर्ट ने लगाई रोक
- दवा पास,सिस्टम फेल! औषधि निरीक्षक की कार्रवाई पर हाईकोर्ट का स्टे,उठे बड़े सवाल…
- दवा सही, कार्रवाई पर सवाल निरीक्षक की भूमिका और सिस्टम दोनों जांच के घेरे में…
- एक निरीक्षक,एक आदेश और पूरा बाजार प्रभावित—हाईकोर्ट ने रोकी कार्रवाई
- पावर से ज्यादा प्रभाव? मिसब्रांडेड दवा के नाम पर सप्लाई रुकी,कोर्ट ने उठाए सवाल
- 10 साल एक जगह,एक फैसला और बड़ा असर, दवा विवाद में निरीक्षक पर उठे प्रश्न
- नियम या प्रभाव? मिसब्रांडेड दवा मामले में कार्रवाई पर हाईकोर्ट की सख्ती
- दवा पास,फिर भी रोक,मिसब्रांडेड के नाम पर कार्रवाई,हाईकोर्ट ने लगाई ब्रेक,निरीक्षक की भूमिका सवालों में
न्यूज डेस्क
रायपुर/बिलासपुर,12 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ में दवा नियमन से जुड़ा एक मामला अब प्रशासनिक कार्यप्रणाली, अधिकारों की सीमा और जवाबदेही पर गंभीर प्रश्न खड़े कर रहा है, मामला XYKAA 500 (Paracetamol Tablets IP 500 mg) नामक दवा से जुड़ा है, जिसे सरकारी लैब रिपोर्ट में ‘मिसब्रांडेड’ बताया गया, लेकिन उसी रिपोर्ट के आधार पर की गई कार्रवाई ने इतना व्यापक असर डाला कि अंततः मामला छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय तक पहुंच गया, हाईकोर्ट ने हस्तक्षेप करते हुए संबंधित आदेश के प्रभाव और क्रियान्वयन पर अंतरिम रोक लगा दी, इस पूरे घटनाक्रम में औषधि निरीक्षक नीरज साहू की भूमिका और उनकी कार्यप्रणाली भी चर्चा और सवालों के केंद्र में आ गई है। बता दे की इस पूरे घटनाक्रम में तीन प्रमुख तथ्य सामने आते हैं, पहला, दवा की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पाई गई, दूसरा,लेबलिंग के आधार पर इसे‘मिसब्रांडेड’ घोषित किया गया, तीसरा, इस आधार पर की गई कार्रवाई को न्यायालय ने प्रथम दृष्टया रोक दिया,अब यह मामला न्यायिक परीक्षण के अधीन है और अंतिम निर्णय के बाद ही स्पष्ट होगा कि कार्रवाई पूरी तरह वैध थी या उसमें अधिकारों की सीमा का अतिक्रमण हुआ।
मामले की शुरुआतः एक लैब रिपोर्ट से उठी पूरी बहस
दवा के एक बैच की जांच के बाद सरकारी विश्लेषक द्वारा फॉर्म -13 रिपोर्ट जारी की गई, रिपोर्ट दिनांक 26 मार्च 2025 की है और इसमें दवा के विभिन्न परीक्षणों का विस्तृत उल्लेख किया गया है, रिपोर्ट के अनुसार दवा के सैंपल में मात्रा 98.16′ पाई गई, जो निर्धारित मानक (95-105′) के भीतर है,घुलनशीलता,पहचान
और वजन समानता सभी परीक्षणों में दवा मानक अनुरूप रही, इस प्रकार दवा की गुणवत्ता को लेकर किसी प्रकार की कमी या खतरे का संकेत नहीं मिला,इसके बावजूद रिपोर्ट में यह कहा गया कि दवा मानक गुणवत्ता की नहीं है, इसका कारण गुणवत्ता नहीं, बल्कि लेबलिंग से जुड़ा एक तकनीकी पहलू बताया गया।
कंपनी का रुखः कार्रवाई को बताया अवैधानिक
दवा निर्माता कंपनी ट्रोइका फार्मास्यूटिकल्स लिमिटेड ने इस कार्रवाई को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया, कंपनी ने तर्क दिया कि दवा की गुणवत्ता पूरी तरह मानक के अनुरूप है,केवल लेबलिंग से जुड़ी तकनीकी त्रुटि को आधार बनाकर इतनी व्यापक कार्रवाई उचित नहीं है,औषधि निरीक्षक के पास बिक्री पर इस प्रकार का प्रभाव डालने का वैधानिक अधिकार नहीं है, आदेश निर्धारित समय सीमा से अधिक समय तक प्रभावी रखा गया।
राज्य का पक्ष और ‘जनहित’ का तर्क
राज्य की ओर से यह कहा गया कि कार्रवाई जनहित में की गई और किसी प्रकार का औपचारिक प्रतिबंध नहीं लगाया गया, हालांकि,व्यवहारिक स्तर पर दवा की उपलब्धता प्रभावित होने के तथ्य सामने आए, जिससे यह तर्क भी जांच के दायरे में आ गया कि क्या वास्तव में कार्रवाई केवल ‘सावधानी’तक सीमित थी या उसका प्रभाव इससे कहीं अधिक था।
हाईकोर्ट का हस्तक्षेप : आदेश पर रोक
मामले की सुनवाई के दौरान छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने यह पाया कि आदेश जारी होने के बाद एक लंबा समय बीत चुका था, अधिकारों की सीमा और प्रक्रिया पर प्रश्न उठते हैं, कानून की संबंधित धाराओं की व्याख्या आवश्यक है,इन तथ्यों को देखते हुए न्यायालय ने संबंधित आदेश के प्रभाव और क्रियान्वयन पर अंतरिम रोक लगा दी साथ ही राज्य को जवाब दाखिल करने के लिए समय दिया गया और मामले को आगे की सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया गया।
नीरज साहू की भूमिका पर उठते सवाल
इस पूरे मामले में औषधि निरीक्षक नीरज साहू की भूमिका को लेकर कई प्रश्न सामने आए हैं, सबसे पहले, उनकी कार्रवाई के दायरे को लेकर सवाल है की क्या यह कार्रवाई उनके वैधानिक अधिकारों के भीतर थी या उससे आगे बढ़कर की गई? दूसरा,उनके कार्यकाल को लेकर भी चर्चा है,उपलब्ध जानकारी के अनुसार वे लंबे समय से एक ही जिले में पदस्थ हैं,जबकि सामान्य प्रशासनिक व्यवस्था में नियमित अंतराल पर स्थानांतरण अपेक्षित होता है, यह भी बताया जा रहा है कि वे अपने गृह क्षेत्र में ही पदस्थ हैं,जिससे प्रशासनिक निष्पक्षता और पारदर्शिता को लेकर प्रश्न उठ रहे हैं, हालांकि,इन तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि आवश्यक है और यह विषय स्वतंत्र प्रशासनिक जांच का हो सकता है।
प्रशासनिक व्यवस्था और ट्रांसफर नीति पर प्रश्न
आम तौर पर देखा जाता है कि संवेदनशील पदों पर कार्यरत अधिकारियों का स्थानांतरण समय-समय पर किया जाता है ताकि निष्पक्षता बनी रहे,प्रभाव का केंद्रीकरण न हो, पारदर्शिता बनी रहे ऐसे में यदि कोई अधिकारी लंबे समय तक एक ही स्थान पर पदस्थ रहता है, तो यह स्थिति स्वाभाविक रूप से प्रश्नों को जन्म देती है, इस मामले में भी यही सवाल उठ रहा है कि क्या ट्रांसफर नीति का पालन हुआ या इसमें अपवाद बना रहा।
मिसब्रांडिंग का आधार : ‘रैपिड रिलीज शब्द बना विवाद का कारण
रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया कि दवा के लेबल पर ‘रैपिड रिलीज टैबलेट’ लिखा गया है,जबकि इंडियन फार्माकोपिया में पैरासिटामोल के लिए ऐसा कोई उल्लेख नहीं है,इसी आधार पर दवा को भ्रामक ब्रांड वाली औषधि (धारा 17(सी)) माना गया और इसे मानक गुणवत्ता से बाहर घोषित किया गया, यहां महत्वपूर्ण बात यह है कि दवा की गुणवत्ता सही होने के बावजूद,केवल लेबलिंग के कारण इसे ‘मिसब्रांडेड’ माना गया।
औषधि निरीक्षक की कार्रवाई और उसका प्रभाव
लैब रिपोर्ट के बाद औषधि निरीक्षक नीरज साहू द्वारा की गई कार्रवाई से दवा की बिक्री और आपूर्ति प्रभावित हुई। बाजार स्तर पर इसका असर स्पष्ट रूप से देखने को मिला, दवा की उपलब्धता में कमी आई और सप्लाई चेन बाधित हुई। यही वह बिंदु है जहां से विवाद गहराता गया,सवाल यह उठने लगा कि,क्या एक औषधि निरीक्षक के स्तर पर ऐसी कार्रवाई संभव है,जिसका असर पूरे राज्य की सप्लाई पर पड़े? गुणवत्ता बनाम तकनीकी त्रुटि का अंतर
इस मामले में एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि दवा की गुणवत्ता सही पाई गई केवल लेबलिंग में तकनीकी विचलन था, ऐसे मामलों में सामान्यत सुधारात्मक कार्रवाई नोटिस या दिशा-निर्देश जैसे विकल्प अपनाए जाते हैं, लेकिन यहां प्रभाव बाजार स्तर तक पहुंचा, जो विवाद का कारण बना।
व्यापक असर,सिस्टम की कार्यप्रणाली पर सवाल
यह मामला अब केवल एक दवा तक सीमित नहीं रह गया है, इसने यह प्रश्न खड़ा कर दिया है कि नियामक कार्रवाई का मानक क्या है, क्या सभी मामलों में समान प्रक्रिया अपनाई जाती है, और क्या कार्रवाई पारदर्शी और संतुलित है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur