Breaking News

रायपुर/भाटापारा/रायगढ़/इंदौर@नाम बदलो, काम चलाओ? छत्तीसगढ़ में नकली दवाइयों की खेप पर उठे बड़े सवाल

Share

  • ट्रांसपोर्ट में दो महीने की ‘चुप्पी’ः नकली दवा मामले में देरी…दस्तावेज और दंड पर बहस
  • चार पार्सल एक नाम,पांचवां बदला क्यों? दवा सप्लाई पैटर्न पर संदेह गहरा
  • टिप पहले,कार्रवाई बाद मेंःनकली दवा केस में सिस्टम की सुस्ती पर प्रश्नचिह्न
  • फर्जी बिल,बदला हुआ नाम और विभागीय कार्रवाई—क्या है पूरी सच्चाई?
  • नकली दवाइयों का जाल या महज संयोग? ट्रांसपोर्ट रिकॉर्ड ने बढ़ाई हलचल
  • दवा से ज्यादा ‘देर’ चर्चा में : 10 दिसंबर की जब्ती ने खोले कई राज
  • सप्लाई चेन या सिंडिकेट? छत्तीसगढ़ में दवा कारोबार पर गंभीर सवाल
  • दवा, दस्तावेज और ‘देर’ की कहानीः नकली कारोबार या नाम बदलने का कमाल?
  • छत्तीसगढ़ में नकली दवाइयों का जालः ट्रांसपोर्ट,नाम बदलने की चाल और विभागीय संरक्षण के आरोप


न्यूज डेस्क
रायपुर/भाटापारा/रायगढ़/इंदौर, 22 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ में 10 दिसंबर 2025 को हुई एक कार्रवाई ने यह साबित कर दिया कि दवाइयों की दुनिया में ‘सब ठीक है’ का बोर्ड कभी-कभी सबसे बड़ा मजाक होता है,ट्रांसपोर्ट गोदाम से 2,35,000 की दवाइयों की जब्ती हुई,कहा गया—दवाइयां नकली हैं,कागज मिले—वे भी कुछ और कहानी कहते दिखे,और फिर शुरू हुआ सवालों का सिलसिला,जो दवा से ज्यादा ‘देर’ पर केंद्रित है,यह रिपोर्ट उपलब्ध दस्तावेजों और विश्वसनीय सूत्रों के दावों पर आधारित है,संबंधित पक्षों का पक्ष आमंत्रित है,जांच एजेंसियों के अंतिम निष्कर्ष सर्वोपरि होंगे।
10 दिसंबर 2025 की जब्ती एक घटना है, पर उससे जुड़े सवाल एक कथा बन चुके हैं, नाम बदलने का पैटर्न,ट्रांसपोर्ट में महीनों की ‘तपस्या’,पहले मिली टिप पर ‘धैर्य’,और बाद की कार्रवाई में ‘संतुलन’—सब मिलकर यह संकेत देते हैं कि कहानी अभी बाकी है,जब तक निष्पक्ष जांच पूरी नहीं होती, किसी को दोषी ठहराना उचित नहीं,पर सवाल पूछना भी लोकतंत्र का दायित्व है,क्योंकि दवा अगर नकली है,तो इलाज नहीं करेगी, और अगर कार्रवाई आधी है,तो भरोसा पूरा नहीं रहेगा।
नाम में क्या रखा है?—बहुत कुछ!
ट्रांसपोर्ट रिकॉर्ड बताते हैं कि इंदौर की लोहा मंडी से मां बिंजासन ट्रेडिंग कंपनी द्वारा एक साल में पांच पार्सल भेजे गए,चार पार्सल एक ही नाम—‘प्रेम प्रकाश एजेंसी’—पर, और पाँचवां,24 सितम्बर 2025 का पार्सल,अचानक ‘सरस्वती मेडिकोज, सारंगढ़’ के नाम,ट्रांसपोर्टरः नागपुर गोल्डन ट्रांसपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड, 29 सितम्बर को पार्सल रायपुर पहुंचा,और फिर…दो महीने तक ट्रांसपोर्ट में ‘ध्यान-योग’ करता रहा, 10 दिसंबर 2025 को वही पार्सल जब्त हुआ,व्यंग्य यही है कि पूरे साल नाम नहीं बदला—सिर्फ उस पार्सल में बदला,जो बाद में ‘नकली’ निकला, संयोग इतना सटीक कि गणित भी शरमा जाए!
अगर दवा सारंगढ़ की थी,तो रायपुर क्यों?
सारंगढ़,रायगढ़ जिले में है,जिसकी दूरी करीब 150-200 किमी है,सवाल यह कि यदि दवा सचमुच सारंगढ़ के लिए थी, तो सीधे स्थानीय रूट क्यों नहीं? रायपुर ट्रांसपोर्ट में क्यों? सूत्रों का दावा है—‘उठाने वाला नेटवर्क एक ही था,नाम अलग-अलग।’ यह दावा जांच के अधीन है, पर पैटर्न पर नजर डालें तो सवाल उठना स्वाभाविक है, बताया जाता है कि संबंधित मोबाइल में दवाइयों की तस्वीरें मिलीं—जिन्हें कथित तौर पर किसी एजेंसी ने साझा किया था, मोबाइल जब्त हुआ, पर डिजिटल फॉरेंसिक की पूरी तस्वीर सार्वजनिक नहीं हुई।
टिप पहले,कार्रवाई बाद में—‘टाइमिंग’ का विज्ञान
सूत्रों के अनुसार एक औषधि निरीक्षक को कार्रवाई से लगभग एक माह पहले सूचना मिल चुकी थी, फिर भी 10 दिसंबर तक कोई कदम नहीं, यहां व्यंग्य अपने आप जन्म लेता है—क्या सूचना को भी ‘परिपक्व’ होने का समय चाहिए? या फिर फाइलों को भी सर्दियों में धूप सेंकने का अधिकार है? हालांकि, यह स्पष्ट करना जरूरी है कि संबंधित अधिकारी की भूमिका और जिम्मेदारी का अंतिम निर्धारण केवल विभागीय/न्यायिक जांच से ही होगा।
जांच टीमः मोबाइल आया,जवाब नहीं
15 दिसंबर 2025 को जांच टीम सारंगढ़ भेजी गई,टीम में औषधि निरीक्षक ईश्वरी नारायण,नीरज और नमूना सहायक राजेश शामिल थे,स्थानीय सहयोग में रायगढ़ के अधिकारी भी थे,आरोप है कि टीम केवल एक मोबाइल जब्त कर लौटी,यदि आरोप सही हैं, तो सवाल उठता है क्या जांच ‘सैंपल साइज’ तक सीमित थी? 10 फरवरी 2026 को विभागीय कार्रवाई हुई,दो अधिकारियों का निलंबन,दो पर तीन वेतनवृद्धि रोकने की सजा, व्यंग्य कहता है ‘समान लापरवाही,असमान दंड?’ कानून कहता है ‘हर केस के तथ्य अलग होते हैं।’ सच्चाई क्या है? यह जांच तय करेगी।
फर्जी बिल का फॉर्मूला
जब्त दवाइयों के बॉक्स में जो बिल मिले,वे अंदर की दवाइयों से मेल नहीं खाते—ऐसा दस्तावेजों से संकेत मिलता है,यानी दवा एक, बिल दूसरी,यह तरीका पुराना है—अगर पकड़े जाओ, तो कागज कुछ और कहें,पर यह आरोप है; अदालत में साबित होना बाकी है।
सिंडिकेट या संयोग?
यदि कॉल डिटेल रिकॉर्ड ,बैंक ट्रेल,लाइसेंसिंग फाइलें और ट्रांसपोर्ट लॉग की फॉरेंसिक जांच हो, तो तस्वीर साफ हो सकती है,सवाल यह भी कि क्या यह एक अकेली खेप थी या लंबे समय से चल रहा पैटर्न? और यदि विभाग को पहले से सूचना थी,तो देरी क्यों?
जनता का कोणः दवा नहीं,भरोसा नकली
नकली दवा सिर्फ आर्थिक अपराध नहीं,यह सीधे मरीज की जान से जुड़ा मामला है,अगर एक भी स्टि्रप फर्जी है,तो भरोसे की पूरी स्टि्रप संदिग्ध हो जाती है,व्यंग्य यही है—दवाइयों के डिब्बों पर ‘एक्सपायरी डेट’ लिखी होती है,पर फाइलों की ‘एक्शन डेट’ कौन लिखे?
घटनाक्रम की टाइमलाइन…कैसे खुली परतें
– 24 सितम्बर 2025 – इंदौर के लोहा मंडी से मां बिंजासन ट्रेड कंपनी द्वारा दवाइयों का पार्सल बुक।
– ट्रांसपोर्टः नागपुर गोल्डन ट्रांसपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड
– गंतव्य नामः सरस्वती मेडिकोज,सारंगढ़
– 29 अक्टूबर 2025-पार्सल रायपुर ट्रांसपोर्ट में पहुंचता है।
– 10 दिसंबर 2025-पार्सल ट्रांसपोर्ट से बरामद,नकली दवाइयों की पुष्टि।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह पार्सल लगभग दो महीने तक ट्रांसपोर्ट में पड़ा रहा,जिसे लेने कोई नहीं आया।
एक साल में पांच पार्सल, लेकिन नाम केवल एक बार बदला
दैनिक घटती घटना के हाथ लगे ट्रांसपोर्ट दस्तावेजों के अनुसार 1 अप्रैल 2025 से 6 जनवरी 2026 के बीच मां बिंजासन ट्रेडिंग कंपनी से कुल पांच पार्सल भेजे गए…
– 24 अप्रैल 2025 – प्रेम प्रकाश एजेंसी
– 2 जुलाई 2025 – प्रेम प्रकाश एजेंसी
– 5 अगस्त 2025 – प्रेम प्रकाश एजेंसी
– 30 अगस्त 2025 -प्रेम प्रकाश एजेंसी
– 24 सितम्बर 2025 – सरस्वती मेडिकोज (यही पार्सल नकली पाया गया) पूरे साल में सिर्फ एक बार नाम बदला गया, यही बिंदु संदेह को गहरा करता है, सूत्रों का दावा है कि सही दवाइयां ‘सही नाम’ से और नकली दवाइयां ‘दूसरे नाम’ से मंगाई जाती थीं, जबकि उठाने वाला एक ही नेटवर्क था।
कानूनी अस्वीकरण
यह रिपोर्ट उपलब्ध दस्तावेजों,ट्रांसपोर्ट रिकॉर्ड और विश्वसनीय सूत्रों के दावों पर आधारित पत्रकारिता प्रस्तुति है,इसमें उल्लिखित सभी आरोप जांच के अधीन हैं,किसी भी व्यक्ति/संस्था को दोषी ठहराना उद्देश्य नहीं है,अंतिम सत्य संबंधित सक्षम प्राधिकरण/न्यायालय के निर्णय से निर्धारित होगा,संबंधित पक्षों का पक्ष प्रकाशित/प्रसारित करने के लिए मंच उपलब्ध है।
आगे क्या?
– स्वतंत्र एजेंसी से तकनीकी जांच (डिजिटल/वित्तीय)।
– ट्रांसपोर्ट व लाइसेंसिंग प्रक्रिया की ऑडिट।
– विभागीय कार्रवाई में पारदर्शिता।
– सभी संबंधित पक्षों का पक्ष सार्वजनिक करना।


Share

Check Also

प्रतापपुर,@आवास मिला…लेकिन अधूरा सूरजपुर में गरीबों के सपनों पर ‘किस्त’ का ताला

Share प्रतापपुर ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित…मजदूरी भी अटकी-आदिवासी परिवारों पर दोहरी मारप्रतापपुर, 23 अप्रैल 2026 …

Leave a Reply